Edited By Pardeep,Updated: 26 Jul, 2026 12:19 AM

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने शनिवार को छात्रों को उनके आंदोलन के 'शांतिपूर्ण समापन' के लिए बधाई दी।
नई दिल्लीः केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने शनिवार को छात्रों को उनके आंदोलन के 'शांतिपूर्ण समापन' के लिए बधाई दी।
नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद को लेकर बढ़ते दबाव के बीच प्रधान ने आज इस्तीफा दे दिया। केंद्र सरकार ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में हफ्तों तक चले आंदोलन की मुख्य मांग मान ली है। राष्ट्रीय राजधानी से यह आंदोलन देश के कई हिस्सों तक फैल गया था। प्रधान ने अपने बयान में कहा कि पिछले 10 दिनों के घटनाक्रम से उन्हें "गहरा दुख" पहुंचा है और यह मुद्दा "व्यक्तिगत प्रतिष्ठा" का विषय नहीं है।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए जोशी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "देर आए, दुरुस्त आए। धर्मेंद्र प्रधान ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है।" भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, "मैं आंदोलन को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त करने के लिए सभी छात्रों की सराहना करता हूं और उन्हें बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि अब भारतीय शिक्षा जगत में जल्द ही शांति स्थापित होगी और युवाओं को अपने उज्ज्वल भविष्य व तरक्की के लिए भरपूर अवसर मिलेंगे।"