Edited By Tanuja,Updated: 16 Jul, 2026 03:30 PM

लंदन के लीसेस्टर स्क्वायर में हल्दीराम का पहला आधिकारिक स्टोर खुलते ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छोले-भटूरे, भुजिया और मिठाइयों के लिए लंबी कतारों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। 1937 में बीकानेर से शुरू हुआ भारतीय ब्रांड अब वैश्विक स्तर पर अपनी...
London: भारत के मशहूर स्नैक्स और मिठाई ब्रांड ने लंदन के प्रतिष्ठित लीसेस्टर स्क्वायर में अपना पहला आधिकारिक स्टोर खोल दिया है। उद्घाटन के साथ ही स्टोर के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग छोले-भटूरे, भुजिया और भारतीय मिठाइयों का स्वाद लेने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में लिखा गया, "लंदन में हल्दीराम का पहला आउटलेट खुला और हर भारतीय का वीकेंड प्लान एक ही था।" इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने ब्रांड के प्रति अपना उत्साह जताया।
हल्दीराम ने भी किया मजेदार पोस्ट
ग्राहकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया के बाद हल्दीराम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, "Delhi called. Leicester Square answered." यह पोस्ट भी तेजी से वायरल हो गया। सो कई लोगों ने इसे भारतीय स्वाद की वैश्विक सफलता बताया। किसी ने लिखा, "Chole Bhature Madness", तो किसी ने कहा कि अब दुनिया भर में हल्दीराम के और स्टोर खुलने चाहिए। हालांकि कुछ लोगों ने आलोचना भी की। एक यूजर ने लिखा कि भारत में लोग अब हल्दीराम के छोले-भटूरे कम पसंद करते हैं, इसलिए उन्हें लंदन भेज दिया गया।
वहीं एक अन्य ने मजाक में कहा कि "लाइन में खड़े रहने का ट्रेंड अब लंदन भी पहुंच गया।" राजस्थान के बीकानेर में 1937 में गंगा भीषण अग्रवाल द्वारा शुरू किया गया हल्दीराम आज भारत के सबसे बड़े फूड ब्रांड्स में शामिल है। कंपनी के स्नैक्स, मिठाइयां और रेडी-टू-ईट उत्पाद दुनिया के कई देशों में निर्यात किए जाते हैं। ब्रिटेन में कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट 2016 से संचालित हो रही है, लेकिन यह उसका पहला आधिकारिक रिटेल स्टोर है।
भारत-यूके व्यापार समझौते के बीच बड़ी उपलब्धि
हल्दीराम का यह विस्तार ऐसे समय हुआ है जब भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत हो रहे हैं। हाल ही में भारत-यूके व्यापार समझौते को लेकर भी सकारात्मक माहौल बना है, जिससे भारतीय ब्रांडों के लिए ब्रिटेन के बाजार में नए अवसर खुलने की उम्मीद है।