Edited By Sarita Thapa,Updated: 20 Nov, 2026 05:35 PM

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और उनकी मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। आदित्यनाथ की मां, सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिला स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर...
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और उनकी मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। आदित्यनाथ की मां, सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिला स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं। सूत्रों ने यहां बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उप्र के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से बात की और उनकी मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में, सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया।
उन्होंने कहा, ''उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की माताजी सावित्री देवी जी के स्वर्गवास का समाचार सुनकर मुझे दुख की अनुभूति हुई है। जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है।'' उन्होंने पोस्ट में कहा, ''शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।'' उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
उन्होंने इसे अत्यंत दुखद और हृदयविदारक समाचार बताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है और उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उप्र के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा भाजपा की उप्र इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।