Edited By Mehak,Updated: 04 Apr, 2026 12:54 PM

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के चुनाव प्रचार के लिए शनिवार को केरल पहुंचेंगे। वे तिरुवल्ला में जनसभा और तिरुवनंतपुरम में रोड शो में शामिल होंगे। दोपहर ढाई बजे हवाई अड्डे पर पहुंचकर हेलीकॉप्टर से चांगनास्सेरी जाएंगे...
नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के चुनाव प्रचार अभियान के तहत शनिवार को केरल पहुंचेंगे। भाजपा सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री तिरुवल्ला में एक जनसभा में शामिल होंगे और तिरुवनंतपुरम में एक रोड शो में भाग लेंगे। मोदी दोपहर करीब ढाई बजे तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और हेलीकॉप्टर से कोट्टायम जिले के चांगनास्सेरी एनएसएस कॉलेज मैदान के लिए रवाना होंगे, जहां उनके अपराह्न तीन बजे उतरने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार, वहां से वह सड़क मार्ग से तिरुवल्ला स्टेडियम में एक जनसभा में शामिल होने के लिए जाएंगे, जहां पार्टी के नेताओं और आसपास के निर्वाचन क्षेत्रों से राजग के उम्मीदवारों के उपस्थित रहने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि जनसभा के बाद प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम जाएंगे, जहां वह शाम को किल्लीपलम से करमना जंक्शन तक लगभग 1.5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए एक रोड शो करेंगे। इस रोड शो में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है। राजीव चंद्रशेखर और वी मुरलीधरन सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता भी इसमें भाग लेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार, वह जिले के राजग उम्मीदवारों से मुलाकात करेंगे और शाम करीब सात बजे दिल्ली लौटेंगे। केरल में नौ अप्रैल को विधानसभा चुनाव होंगे।