Edited By Anu Malhotra,Updated: 12 Sep, 2026 11:02 AM

ओडिशा के पुरी ज़िला मुख्यालय अस्पताल में गुरुवार को इलाज के दौरान ल्यूकेमिया की एक मरीज़ को कथित तौर पर गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ा दिया गया। इस वजह से उनकी हालत गंभीर हो गई। ल्यूकेमिया की मरीज़ जिनका नाम प्रदर्शनी प्रधान है उनका ब्लड ग्रुप...
ओडिशा: ओडिशा के पुरी ज़िला मुख्यालय अस्पताल में गुरुवार को इलाज के दौरान ल्यूकेमिया की एक मरीज़ को कथित तौर पर गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ा दिया गया। इस वजह से उनकी हालत गंभीर हो गई। ल्यूकेमिया की मरीज़ जिनका नाम प्रदर्शनी प्रधान है उनका ब्लड ग्रुप A पॉज़िटिव है, उन्हें कथित तौर पर ट्रांसफ्यूज़न के दौरान B पॉज़िटिव ब्लड दिया गया।
उनके परिवार के अनुसार, बाद में प्रदर्शनी की हालत गंभीर हो गई और उन्हें खून की उल्टी हुई। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए पुरी ज़िला मुख्यालय अस्पताल से भुवनेश्वर के एक प्राइवेट अस्पताल में शिफ़्ट किया गया। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि ब्लड बैंक से गलत ब्लड ग्रुप कैसे जारी किया गया और बिना ब्लड ग्रुप वेरिफ़ाई किए ट्रांसफ्यूज़न कैसे कर दिया गया।
प्रदर्शनी के बेटे मानस प्रधान ने बताया कि मेरी मां का ब्लड काउंट गिर रहा था और हीमोग्लोबिन कम था। इसलिए हम ब्लड ट्रांसफ्यूज़न के लिए अस्पताल आए थे। उन्हें 7 सितंबर को एक यूनिट ब्लड दिया गया, उनका ब्लड ग्रुप A-पॉज़िटिव है। उन्हें 8 सितंबर को फिर से ब्लड दिया गया और 9 सितंबर को एक और यूनिट दी गई। आज जब ब्लड चढ़ाया जा रहा था, तो मैं वहां नहीं था, लेकिन मेरे पिता वहां थे। ब्लड बैंक ने उन्हें B पॉज़िटिव ब्लड दिया था, जबकि मां का ब्लड ग्रुप A-पॉज़िटिव है। जब हमने अस्पताल में जाकर पूछा, तो उन्होंने कहा, यह हमारी गलती नहीं है, यह ब्लड बैंक की गलती है।
मरीज़ को भुवनेश्वर शिफ़्ट किया
मानस ने आगे बताया कि परिवार से प्रदर्शनी को कहीं और ले जाने के लिए कहा गया क्योंकि अस्पताल में उनके इलाज के लिए ज़रूरी सुविधाएं नहीं थीं। इसलिए, हमें कहीं और रेफर किया जा रहा है क्योंकि यहां इलाज की सुविधाएं नहीं हैं। उन्होंने हमसे कहा कि उन्हें कुछ नहीं पता और मरीज़ को लेकर चले जाएं। हमने CDMO (चीफ़ डिस्ट्रिक्ट मेडिकल ऑफ़िसर) को सूचित किया था, और उन्होंने कहा कि वह कल आकर हमसे बात करेंगे। परिवार की शिकायत के बाद, CDMO ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।