Edited By Rohini Oberoi,Updated: 05 Jun, 2026 01:51 PM

राजस्थान के खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से एक बेहद खौफनाक हादसे की खबर आई है। यहां स्थित एक लोहे की चादर बनाने वाली कंपनी में अचानक ट्रांसफार्मर फटने से भयंकर आग लग गई। इस आग ने कुछ ही मिनटों में पास ही रखे 5 हजार लीटर के ऑयल टैंक...
Rajasthan Factory Fire : राजस्थान के खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से एक बेहद खौफनाक हादसे की खबर आई है। यहां स्थित एक लोहे की चादर बनाने वाली कंपनी में अचानक ट्रांसफार्मर फटने से भयंकर आग लग गई। इस आग ने कुछ ही मिनटों में पास ही रखे 5 हजार लीटर के ऑयल टैंक को अपनी चपेट में ले लिया जिससे उसमें एक जोरदार धमाका हुआ।
इस ब्लास्ट के बाद फैला हुआ ज्वलनशील तेल पास की एक कॉस्मेटिक कंपनी तक पहुंच गया जिससे दोनों फैक्ट्रियों में भीषण आग भड़क उठी। इस हादसे में पांच से अधिक कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए हैं जिनमें से तीन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें दिल्ली रेफर किया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को दोपहर करीब दो बजे रामको मेटल में ट्रांसफार्मर में विस्फोट हुआ। इससे प्रथम मंजिल पर रखे पांच हजार लीटर ऑयल से भरे हुए टैंक ने आग पकड़ ली। उसके कुछ ही देर बाद उस टैंकर में विस्फोट होने से आग लग गई और देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया।
यह भी पढ़ें: महिलाएं न करें लापरवाही: क्यों बनते हैं Periods में Blood Clots? जानिए कब यह सामान्य है और कब खतरनाक?
टैंकर से निकला ज्वलनशील ऑयल पास स्थित एल्सओक एलएलपी कंपनी तक फैल गया इससे वहां भी आग भड़क उठी। वहीं परिसर में खड़ी कार और अन्य वाहनों ने भी आग पकड़ ली। आग लगते ही दोनों फैक्ट्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने लगी तो फैक्ट्री में कार्यरत महिला और पुरुष कर्मचारियों को पीछे के दरवाजे से सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ कर्मचारियों ने जान बचाने के लिए फैक्ट्री की पिछली दीवार तक फांद दी।
यह भी पढ़ें: गैर मर्द पर आ गया पत्नी का दिल, अचानक बदल गई नियत, फिर आपत्तिजनक व्हाट्सएप चैट ने...
इस हादसे में देवेंद्र यादव, हरपाल यादव, दिनेश, छतर सिंह और एक अन्य सहित पांच लोग झुलसे हैं। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां से देवेंद्र यादव हरपाल यादव और दिनेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली भेजा गया है।
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों तक आग पर काबू पाने का प्रयास करती रहीं। भिवाड़ी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात की निगरानी कर रही है। उल्लेखनीय है कि रामको कंपनी में लोहे की चादरों का निर्माण होता है जबकि एल्सओक एलएलपी कॉस्मेटिक उत्पाद बनाती है। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।