बांग्लादेश में पूरे हिंदू परिवार की संदिग्ध मौत, छत-सीढ़ी और बेड के नीचे मिले 4 शव

Edited By Updated: 23 Aug, 2026 01:54 PM

retired hindu teacher wife two children found dead at bangladesh home

बांग्लादेश के रंगपुर में एक रिटायर्ड हिंदू शिक्षक, उनकी पत्नी, 23 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय बेटे के शव बंद घर से बरामद हुए। परिवार के मोबाइल गुरुवार रात से बंद थे। शव अलग-अलग स्थानों पर मिले। पुलिस, CID और डिटेक्टिव ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है। मौत...

Dhaka: बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। रिटायर्ड स्कूल शिक्षक, उनकी पत्नी, 23 साल की बेटी और 12 साल का बेटा एक बंद मकान के अंदर मृत पाए गए। परिवार के सभी मोबाइल फोन गुरुवार रात से बंद थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का ताला तोड़ा और शव बरामद किए। फिलहाल मौत की वजह और घटनाक्रम स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, घटना रंगपुर शहर के दासपाड़ा (मछुआपाड़ा) इलाके की है। शनिवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने एक घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां परिवार के चार सदस्यों के शव मिले।

 

मृतकों की पहचान गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी अगामी चक्रवर्ती प्रार्थी (23) और 12 वर्षीय बेटे प्रियाम चक्रवर्ती के रूप में हुई है। गणपति चक्रवर्ती रंगपुर जिला स्कूल के रिटायर्ड शिक्षक थे। उन्होंने पिछले साल 31 दिसंबर को नौकरी से रिटायरमेंट लिया था। उनकी बेटी अगामी ने इसी साल अंग्रेजी में मास्टर डिग्री पूरी की थी, जबकि प्रियाम पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक परिवार से आखिरी बार गुरुवार दोपहर संपर्क हुआ था। इसके बाद रात से परिवार के चारों मोबाइल फोन बंद हो गए।  प्रीतिलता की छोटी बहन पूजा चक्रवर्ती ने स्थानीय मीडिया को बताया कि शनिवार रात परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो मुख्य गेट पर ताला लगा था और घर की सभी लाइटें बंद थीं।

 

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और चारों के शव बरामद किए। मामले को और रहस्यमय बनाने वाली बात यह है कि परिवार के सदस्यों के शव घर में अलग-अलग जगहों पर मिले। रंगपुर मेट्रोपॉलिटन सीआईडी के अधिकारी सुबीर चौधरी के मुताबिक, प्रीतिलता और उनकी बेटी अगामी के शव सीढ़ियों के पास मिले।  वहीं गणपति चक्रवर्ती का शव छत पर मिला, जबकि उनके 12 वर्षीय बेटे प्रियाम का शव बेड के नीचे मिला। पुलिस अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि परिवार के साथ वास्तव में क्या हुआ था।

 

परिजनों ने बताया कि गणपति चक्रवर्ती का किसी से विवाद या दुश्मनी होने की जानकारी उन्हें नहीं थी। उनकी पत्नी की बहन पूजा ने कहा कि परिवार यह समझ नहीं पा रहा है कि आखिर किसने पूरे परिवार को निशाना बनाया और इसके पीछे क्या वजह हो सकती है।  गणपति की भतीजी सोमा चक्रवर्ती ने भी कहा कि उनके चाचा के किसी दुश्मन के बारे में परिवार को जानकारी नहीं थी। रिटायरमेंट के बाद वह होम्योपैथिक प्रैक्टिस भी कर रहे थे। रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली पुलिस स्टेशन के अधिकारी नजमुल कादेर के मुताबिक, पुलिस के साथ क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) और डिटेक्टिव ब्रांच भी मामले की जांच कर रही हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।  फिलहाल पुलिस मौतों के सटीक समय, कारण, घटनाक्रम और संभावित मकसद का पता लगाने में जुटी है।  

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!