Edited By Pardeep,Updated: 27 Jun, 2026 09:01 PM

बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सड़क सुरक्षा की अनदेखी एक शख्स के लिए जानलेवा साबित होते-होते बची। बिना हेलमेट पहने तेज रफ्तार में बाइक चला रहे एक व्यक्ति के सिर पर अचानक सूखे पेड़ की टहनी गिर गई, जिससे वह...
नेशनल डेस्कः बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सड़क सुरक्षा की अनदेखी एक शख्स के लिए जानलेवा साबित होते-होते बची। बिना हेलमेट पहने तेज रफ्तार में बाइक चला रहे एक व्यक्ति के सिर पर अचानक सूखे पेड़ की टहनी गिर गई, जिससे वह सीधे कोमा में चला गया।
CCTV में कैद हुआ रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा
यह पूरी घटना वहां लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित की पहचान 52 वर्षीय सतीश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सतीश अपने काम पर जा रहे थे तभी राजाजीनगर के राम मंदिर रोड पर अचानक एक सूखे पेड़ की टहनी टूटकर उनके सिर पर आ गिरी,। टहनी लगते ही सतीश ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़े।
हेलमेट होता तो बच सकती थी जान
मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत सतीश को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए यशवंतपुर के मणिपाल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी इमरजेंसी सर्जरी की है। डॉक्टरों का कहना है कि अगर सतीश ने हेलमेट पहना होता, तो शायद सिर में लगी इस गंभीर चोट से बचा जा सकता था।
अब स्थिति में हो रहा है सुधार
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद सतीश कोमा में चले गए थे, लेकिन सर्जरी के बाद अब उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। यह घटना उन सभी वाहन चालकों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो हेलमेट को बोझ समझते हैं। एक पल की लापरवाही ने सतीश की पूरी दुनिया बदल दी।