Edited By Parveen Kumar,Updated: 22 Jul, 2026 06:36 PM

मार्जिन को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच HDFC बैंक के शेयरों में बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई। तीन दिनों में बैंक का शेयर 8 प्रतिशत से अधिक टूट गया, जिससे कंपनी के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में करीब 1 लाख करोड़ रुपये की...
नेशनल डेस्क : मार्जिन को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच HDFC बैंक के शेयरों में बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई। तीन दिनों में बैंक का शेयर 8 प्रतिशत से अधिक टूट गया, जिससे कंपनी के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में करीब 1 लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई।
बीएसई पर HDFC बैंक का शेयर 1.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,753.15 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1.47 प्रतिशत फिसलकर 1,750.25 रुपये के निचले स्तर तक पहुंच गया। वहीं, एनएसई पर भी शेयर 1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,753.15 रुपये पर बंद हुआ।
लगातार तीन दिनों की बिकवाली के बाद बैंक का मार्केट कैप घटकर 11.60 लाख करोड़ रुपये रह गया। इसके साथ ही HDFC बैंक बाजार पूंजीकरण के लिहाज से तीसरे स्थान पर खिसक गया। भारती एयरटेल करीब 12.17 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज लगभग 17.44 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि निवेशकों की सबसे बड़ी चिंता बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) रहा, जो उम्मीदों से कमजोर रहा। इसी वजह से शेयरों पर दबाव देखने को मिला।
HDFC बैंक ने शनिवार को जून तिमाही के नतीजे जारी करते हुए बताया कि उसका स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) सालाना आधार पर 5 प्रतिशत बढ़कर 19,060 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 18,155 करोड़ रुपये था।
हालांकि, बैंक की कुल आय घटकर 92,184 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 99,200 करोड़ रुपये थी। वहीं, ब्याज से होने वाली आय (इंटरेस्ट इनकम) बढ़कर 79,363 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष 77,470 करोड़ रुपये थी।
इस दौरान बैंक का ऑपरेटिंग प्रॉफिट घटकर 28,169 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 35,734 करोड़ रुपये था। जून तिमाही में नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 7 प्रतिशत बढ़कर 33,530 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 31,440 करोड़ रुपये थी।
बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) कुल परिसंपत्तियों (Total Assets) पर 3.26 प्रतिशत और ब्याज अर्जित करने वाली परिसंपत्तियों (Interest Earning Assets) के आधार पर 3 प्रतिशत दर्ज किया गया।