Edited By Rohini Oberoi,Updated: 12 Apr, 2026 01:30 PM

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जो अनुशासन और नागरिक जिम्मेदारी का बड़ा सबक दे रहा है। नेपाल घूमने गए कुछ भारतीय पर्यटकों को सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाना उस वक्त भारी पड़ गया जब एक जागरूक नेपाली नागरिक ने उन्हें रंगे हाथों...
Indian Tourists in Nepal Viral Video : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जो अनुशासन और नागरिक जिम्मेदारी का बड़ा सबक दे रहा है। नेपाल घूमने गए कुछ भारतीय पर्यटकों को सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाना उस वक्त भारी पड़ गया जब एक जागरूक नेपाली नागरिक ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया और उन्हीं के हाथों से सड़क साफ करवाई।
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक भारतीय पर्यटक नेपाल की सड़क पर गुटखा थूक देता है। यह देखते ही वहां मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति भड़क जाता है और उन्हें टोकते हुए कहता है, “भाई, यह इंडिया नहीं है, नेपाल है... यहां गंदगी मत फैलाओ।” नेपाली नागरिक की नाराजगी यहीं खत्म नहीं हुई। उसने पर्यटकों को अपनी गलती सुधारने के लिए मजबूर किया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि:
थूकने वाले व्यक्ति को पानी की बोतल दी गई। उसे सड़क पर बैठकर अपने थूक को पानी से रगड़कर साफ करने को कहा गया। वीडियो रिकॉर्ड कर रहे व्यक्ति ने उन्हें फटकारते हुए कहा, “आप इतने बड़े देश से आते हो और यहां आकर गंदगी करते हो? माफी मांगने से पहले सोचना चाहिए था।”
सोशल मीडिया पर मचा हंगामा
इस वीडियो को इंस्टाग्राम यूजर @rajulmc4672 ने शेयर किया है जिसे अब तक 60 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। वीडियो पर लोगों की राय बंटी हुई नजर आ रही है:
यह भी पढ़ें: Film Industry में पसरा मातम: सुरों की मल्लिका आशा भोसले ने दुनिया को कहा अलविदा
स्थानीय नागरिक की तारीफ: बड़ी संख्या में लोग नेपाली नागरिक के जज्बे को सलाम कर रहे हैं। उनका कहना है कि अपने देश को साफ रखने के लिए ऐसी सख्ती जरूरी है।
भारतीयों का पक्ष: कुछ यूजर्स का कहना है कि पर्यटकों ने तुरंत अपनी गलती मान ली और माफी मांगी, जो अच्छी बात है।
देश को दोष न दें: कुछ लोगों ने इस बात पर आपत्ति जताई कि एक व्यक्ति की गलती के लिए पूरे भारत को दोष देना सही नहीं है। एक यूजर ने लिखा, “नेपाली भाई हमारे देश में काम करते हैं, हम उनका सम्मान करते हैं। गलती हुई है, पर पूरे देश को बीच में लाना ठीक नहीं।”
एक कड़ा संदेश
यह वीडियो हमें याद दिलाता है कि जब हम किसी दूसरे देश या शहर में जाते हैं तो हम अपने देश के 'एंबेसडर' होते हैं। हमारी एक छोटी सी हरकत देश की छवि को खराब कर सकती है। नेपाल के इस नागरिक ने न केवल अपनी सड़क साफ करवाई बल्कि दुनिया को स्वच्छता के प्रति अपनी संवेदनशीलता का संदेश भी दिया।