Edited By Mansa Devi,Updated: 06 Apr, 2026 11:28 AM

गर्मियों की तेज़ गर्मी से बचने के लिए आजकल लोग एयर कंडीशनर (AC) का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। घर, ऑफिस, मॉल, मेट्रो या बस लगभग हर जगह AC आम हो गया है।
नेशनल डेस्क: गर्मियों की तेज़ गर्मी से बचने के लिए आजकल लोग एयर कंडीशनर (AC) का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। घर, ऑफिस, मॉल, मेट्रो या बस लगभग हर जगह AC आम हो गया है। ऐसे में कई लोग दिन का बड़ा हिस्सा ठंडी हवा में ही बिताते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि लगातार AC में रहने का असर आपके वजन पर भी पड़ सकता है।
क्या सच में AC से बढ़ सकता है वजन?
इस सवाल को लेकर सफदरजंग अस्पताल के कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. जुगल किशोर का कहना है कि लंबे समय तक AC में बैठे रहने से शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो सकता है। दरअसल, जब हम ठंडे वातावरण में रहते हैं, तो शरीर को अपना तापमान संतुलित रखने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती। इसका मतलब है कि शरीर कम कैलोरी खर्च करता है। अगर इसके साथ-साथ आपकी शारीरिक गतिविधि भी कम है जैसे लंबे समय तक बैठे रहना तो इससे वजन बढ़ने की संभावना बढ़ सकती है।
क्या यह सिर्फ एक मिथक है?
कुछ लोग इसे सिर्फ एक मिथक मानते हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स के अनुसार इसमें आंशिक सच्चाई है। केवल AC में बैठने से वजन नहीं बढ़ता, बल्कि कम एक्टिव लाइफस्टाइल और कम कैलोरी बर्न इसका बड़ा कारण होता है।
AC में ज्यादा रहने के अन्य नुकसान
लगातार AC में रहने से सिर्फ वजन ही नहीं, बल्कि शरीर पर अन्य असर भी पड़ सकते हैं:
- शरीर की मौसम के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता कम हो सकती है
- बार-बार ठंडे माहौल में रहने से गर्मी या ठंड सहने की ताकत घटती है
- मौसम बदलने पर शरीर जल्दी असहज महसूस कर सकता है
- सांस से जुड़ी समस्याएं और थकान बढ़ सकती है
AC इस्तेमाल करते समय किन बातों का रखें ध्यान?
अगर आप लंबे समय तक AC में रहते हैं, तो इन आसान बातों का ध्यान रखें:
- दिनभर में पर्याप्त पानी पिएं, ताकि शरीर डिहाइड्रेट न हो
- हर 1–2 घंटे में कुछ देर के लिए बाहर निकलकर ताजी हवा लें
- हल्की-फुल्की एक्सरसाइज या स्ट्रेचिंग जरूर करें
- AC का तापमान बहुत ज्यादा कम न रखें