6 महीने में एक लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी, CM योगी ने किया बड़ा ऐलान

Edited By Updated: 16 Sep, 2026 05:59 PM

target to provide government jobs to one lakh youths in six months

गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने भव्य कल्याण मंडपम् का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को...

नेशनल डेस्क : गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने भव्य कल्याण मंडपम् का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं को बिना किसी भेदभाव के रोजगार के अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी और पीजीटी शिक्षकों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी हो चुके हैं और आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सरकार विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही है।

छह महीने में एक लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य

सीएम योगी ने कहा, "हम अगले 6 महीने के अंदर, विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले एक लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी यूपी में उपलब्ध करवाएंगे। सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।"

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सरकारी नौकरियों के विज्ञापन तो जारी होते थे, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में सौदेबाजी और वसूली का बोलबाला था। उनके मुताबिक, इसकी वजह से योग्य युवाओं को नौकरी नहीं मिल पाती थी और उनका भविष्य प्रभावित होता था।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में विवाद और अदालतों की ओर से लगने वाले स्टे के कारण युवाओं का समय और भविष्य दोनों प्रभावित होते थे। उन्होंने दावा किया कि उस दौर में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने के कारण विकास कार्य भी प्रभावित हुए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार के पास विकास को लेकर स्पष्ट विजन नहीं था और प्रदेश में अव्यवस्था का माहौल था।

रामगढ़ ताल का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के विकास और रामगढ़ ताल का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यहां गंदगी और अपराध का माहौल था और डर के कारण लोग इस इलाके में जाने से बचते थे। उन्होंने कहा कि यह स्थिति गोरखपुर की पहचान नहीं थी, बल्कि पिछली सरकारों की नीतियों का परिणाम थी। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासन में गोरखपुर आपराधिक गतिविधियों का केंद्र बन गया था।

कानून-व्यवस्था पर भी बोले CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब कर्फ्यू और दंगों से मुक्त है और कानून का राज कायम है। उनके मुताबिक, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और अब कोई अपराधी खुलेआम धमकी देने, अपहरण करने या व्यापारियों से फिरौती मांगने का दुस्साहस नहीं कर सकता।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर व्यक्ति को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सभी पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण और बेहतर वातावरण में आयोजित हों, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!