Edited By Mansa Devi,Updated: 04 Aug, 2025 04:32 PM

मायानगरी मुंबई से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक 40 वर्षीय व्यक्ति को अपनी नाबालिग साली के साथ कई महीनों तक रेप करने और उसे गर्भवती करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस अपराध में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि...
नेशनल डेस्क: मायानगरी मुंबई से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक 40 वर्षीय व्यक्ति को अपनी नाबालिग साली के साथ कई महीनों तक रेप करने और उसे गर्भवती करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस अपराध में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी की पत्नी भी पूरी तरह से शामिल थी। उसने न केवल पति के अपराध को छुपाने की कोशिश की, बल्कि घर में ही अपनी बहन की डिलीवरी भी करवाई।
मार्च 2024 से चल रहा था अत्याचार
पुलिस के अनुसार, यह घटना तब सामने आई जब पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर उसे भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से मिली जानकारी के आधार पर जब पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसका जीजा मार्च 2024 से लेकर जुलाई 2025 तक लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। जब वह गर्भवती हुई और उसने अपनी बहन को यह बात बताई, तो बहन ने उसे चुप रहने के लिए डराया-धमकाया।
डिलीवरी भी घर पर करवाई
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पत्नी ने अपनी बहन को किसी डॉक्टर के पास ले जाने के बजाय खुद ही उसकी डिलीवरी करवाई। लेकिन डिलीवरी के बाद जब लड़की की तबीयत लगातार खराब होने लगी, तो परिवार को मजबूरन उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। यहीं से पुलिस को इस घिनौने अपराध की जानकारी मिली।
पति-पत्नी दोनों गिरफ्तार
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। आरोपी जीजा और उसकी पत्नी दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल पीड़िता और नवजात शिशु दोनों अस्पताल में हैं और उनकी हालत स्थिर है। मामले की आगे की जांच जारी है और दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।