Edited By Rohini Oberoi,Updated: 30 Aug, 2026 12:38 PM

आगरा में तमिलनाडु एक्सप्रेस ट्रेन के एक सूटकेस से महिला का सिर कटा शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। कई राज्यों में चले लंबे तलाश अभियान के बाद आरोपी पति-पत्नी को मणिपुर से दबोचा गया है। अधिकारियों ने यह...
इंफाल : आगरा में तमिलनाडु एक्सप्रेस ट्रेन के एक सूटकेस से महिला का सिर कटा शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। कई राज्यों में चले लंबे तलाश अभियान के बाद आरोपी पति-पत्नी को मणिपुर से दबोचा गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
चेन्नई में पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि असम के कछार जिले के निवासी माणिक उद्दीन लश्कर (22) और ओडिशा के केंदुझरगड़ जिले की रहने वाली उसकी पत्नी भगवती मांझी (21) को कई राज्यों में संचालित तलाश अभियान के बाद मणिपुर के जिरिबाम जिले के कासिमपुर से गिरफ्तार किया गया।
इंफाल के अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को मणिपुर और तमिलनाडु पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया। मणिपुर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, गिरफ्तार किए गए लोगों को गूडुवांचेरी के थाना प्रभारी को सौंपा जा रहा है। यह वारदात पांच अगस्त को तब सामने आई जब तमिलनाडु एक्सप्रेस के आगरा स्टेशन पहुंचने पर अनारक्षित डिब्बे में यात्रियों को एक लाल रंग की लावारिस अटैची से दुर्गंध आई।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अधिकारियों ने अटैची की जांच की तो उसमें एक अज्ञात महिला का सिर कटा और क्षत-विक्षत शव मिला। बाद में जांच और फॉरेंसिक विश्लेषण के जरिए शव की शिनाख्त ओडिशा की 38 वर्षीय हयातुन निशा के रूप में हुई। वह गूडुवांचेरी में रहकर एक निजी कंपनी में काम करती थी।
यह भी पढ़ें: Earthquake: आधी रात को कांप उठी अफगानिस्तान की जमीन, झटके महसूस होने से सहमे लोग
जांच के दौरान पुलिस ने कई घंटों तक चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें एक पुरुष और एक महिला स्टेशन परिसर में लाल रंग की अटैची घसीटते हुए ले जाते दिखाई दिए। पुलिस ने उनकी गतिविधियों का सुराग जुटाते हुए चेन्नई के नजदीक गूडुवांचेरी की मस्जिद स्ट्रीट स्थित एक किराए के मकान का पता लगाया। वहां तलाशी के दौरान अधिकारियों को एक बड़े बर्तन में शरीर के अन्य कटे हुए अंग मिले।
मामला शुरू में गूडुवांचेरी पुलिस थाने में महिला की गुमशुदगी के रूप में दर्ज किया गया था। लेकिन इन खुलासों के बाद पुलिस ने हत्या की धाराएं जोड़ दीं। जांच में पुलिस ने संदिग्धों की पहचान माणिक उद्दीन लश्कर और भगवती मांझी के रूप में की। पुलिस के अनुसार, दोनों शव को ठिकाने लगाने के बाद फरार हो गए थे।
उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए विशेष पुलिस दलों ने देशभर में तलाश अभियान चलाया। अधिकारियों ने 29 अगस्त को फरार दंपति को मणिपुर के जिरिबाम जिले के कासिमपुर में पकड़ लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों को मणिपुर के स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। इसके बाद गूडुवांचेरी पुलिस उन्हें ट्रांजिट वारंट पर तांबरम ले जाएगी। उन्होंने कहा कि हत्या की वजह दोनों से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।