BRICS समिट के चलते दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन, 35 से ज्यादा सड़कों पर पाबंदी

Edited By Updated: 13 Sep, 2026 09:16 AM

traffic diversions in delhi due to brics summit restrictions on over 35 roads

दिल्ली यातायात पुलिस ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर रविवार को विस्तृत परामर्श जारी कर 22 स्थानों पर यातायात मार्ग में बदलाव किए जाने और 35 से अधिक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित किए जाने की घोषणा की। प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में...

नई दिल्लीः दिल्ली यातायात पुलिस ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर रविवार को विस्तृत परामर्श जारी कर 22 स्थानों पर यातायात मार्ग में बदलाव किए जाने और 35 से अधिक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित किए जाने की घोषणा की। प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन के अंतिम दिन रविवार को ये पाबंदियां सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक लागू रहेंगी।

मध्य और दक्षिण दिल्ली की कई प्रमुख सड़कें इससे प्रभावित होंगी। इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, ए.पी.जे. अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग शामिल हैं।

डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक पर मथुरा रोड और तिलक मार्ग पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा। पूर्वी और दक्षिण दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को बहादुर शाह जफर मार्ग और इंद्रप्रस्थ मार्ग से भेजा जाएगा तथा नयी दिल्ली और कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले वाहनों को सिकंदरा रोड से भेजा जाएगा। राम चरण अग्रवाल चौक से डब्ल्यू-पॉइंट की ओर वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को उनके गंतव्य के अनुसार इंद्रप्रस्थ मार्ग, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग या बहादुर शाह जफर मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा।

कनॉट प्लेस, पटेल चौक और राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के आसपास भी यातायात संबंधी पाबंदियां लागू रहेंगी। कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल से कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ के रास्ते सी-हेक्सागन की ओर आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। दक्षिण दिल्ली में लोधी रोड के आसपास कई स्थानों पर पाबंदियां लगाई जाएंगी। इनमें लोधी रोड के अमृता शेरगिल मार्ग, मैक्स मूलर मार्ग, महर्षि रमण मार्ग और आर्कबिशप मकारियस मार्ग के साथ बने चौराहे शामिल हैं। मथुरा रोड से भारत मंडपम की ओर आने वाले वाहनों को लोधी और ओबेरॉय फ्लाईओवर के नीचे निर्धारित स्थानों से मोड़ा जाएगा। वाहनों को लोधी रोड, नीला गुंबद और अन्य संपर्क मार्गों की ओर भेजा जाएगा, जबकि ओबेरॉय होटल और गोल्फ लिंक जाने वाले वाहनों को निर्धारित स्थान तक जाने की अनुमति होगी।

परामर्श में नयी दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी बताए गए हैं। यातायात पुलिस ने हवाई अड्डे जाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करने की विशेष रूप से सलाह दी है। मेट्रो के सभी स्टेशन पर सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी, जबकि अतिविशिष्ट व्यक्तियों (वीवीआईपी) की आवाजाही के दौरान बसों के मार्ग बदले जा सकते हैं। टैक्सी और ऑटोरिक्शा को निर्धारित स्थानों को छोड़कर सड़क किनारे खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। आपातकालीन और चिकित्सा सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा उन्हें दिल्ली में बिना किसी बाधा के आने-जाने दिया जाएगा। आवश्यक सेवाओं और जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े कार्यों पर कोई रोक नहीं होगी।

यातायात पुलिस ने हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों (आईएसबीटी) की ओर जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से जाने की सलाह दी है। जिन वाणिज्यिक वाहनों का गंतव्य दिल्ली नहीं है, उन्हें शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियंत्रित सड़कों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर भी रोक रहेगी। लोगों से दिल्ली यातायात पुलिस के आधिकारिक माध्यमों से ताजा जानकारी लेते रहने और शिखर सम्मेलन के दौरान यातायात सुचारु रखने एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील की गई है। 


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!