Edited By Rahul Rana,Updated: 02 Aug, 2026 04:09 PM

पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का दावा है कि बर्धमान जिले से गिरफ्तार संदिग्ध जैश-ए-मोहम्मद का ऑपरेटिव हमीम मंडल ने दिल्ली के जंतर-मंतर प्रोटेस्ट में तोड़-फोड़ की साजिश रची थी।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का दावा है कि बर्धमान जिले से गिरफ्तार संदिग्ध जैश-ए-मोहम्मद का ऑपरेटिव हमीम मंडल ने दिल्ली के जंतर-मंतर प्रोटेस्ट में तोड़-फोड़ की साजिश रची थी। पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। एसटीएफ के आईजी गौरव शर्मा के अनुसार हमीम को पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी की गतिविधियों पर नजर रखने और उनकी सुरक्षा से जुड़ी जानकारी जुटाने का भी काम सौंपा गया था। आरोपी पर पश्चिम बंगाल के एक वरिष्ठ नेता को निशाना बनाने और हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ की योजना बनाने का आरोप है।
आरोपी की गर्लफ्रेंड से भी पूछताछ
जैश से जुड़े मोहम्मद हमीम मंडल को पूर्वी बर्धमान जिले से गिरफ्तार कर शुक्रवार की रात पूछताछ के लिए कोलकाता लाया गया। पश्चिम बंगाल STF ने अर्पिता सरकार को झारखंड के साहेबगंज से हिरासत में लिया है, जो जैश संदिग्ध हामिम मोंडल की कथित प्रेमिका बताई जा रही है। STF ने को भी गिरफ्तार किया है। जांच की शुरुआत एक जबरन वसूली और हनी-ट्रैप की साजिश से हुई। STF को जानकारी मिली थी कि हावड़ा के एक वरिष्ठ नेता से पैसे ऐंठने और उनके बेटे को हनी-ट्रैप के जरिए अगवा करने की योजना बनाई जा रही थी। इस जांच के दौरान STF साहिबगंज के एक सोशल मीडिया हैंडल तक पहुंची, जिसे अर्पिता सरकार चलाती थीं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच से अधिकारी जैश से जुड़े संदिग्ध तक पहुंचे।
चार सालों से दोनों के बीच संपर्क
STF के IG गौरव शर्मा ने बताया कि हमीम मंडल और अर्पिता सरकार पिछले चार सालों से संपर्क में थे। दोनों के बीच रिश्ते थे। STF इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हनी-ट्रैप योजना के तहत संभावित शिकार लोगों को फंसाने के लिए अर्पिता सरकार का इस्तेमाल किया गया था। अधिकारियों का दावा है कि हमीम मंडल ने अधिकारी को निशाना बनाने और छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारी का भेष धरकर तोड़फोड़ करने की योजना बनाई थी। साथ ही पाकिस्तान में बैठे तत्वों के लिए मुख्यमंत्री या वरिष्ठ नेता की गतिविधियों पर नजर रखने की साजिश का भी पता चला है।