Edited By Tanuja,Updated: 02 Aug, 2026 06:22 PM

अमेरिका में तीन बच्चों की हत्या के मामले में कोर्ट में पिता की 911 कॉल सुनाई गई, जिसने सभी को भावुक कर दिया। आरोपी मां लिंडसे क्लैंसी पर हत्या का आरोप है, जबकि बचाव पक्ष का कहना है कि वह पोस्टपार्टम साइकोसिस से पीड़ित थीं। अब अदालत उनकी मानसिक...
New YorK: अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य में तीन छोटे बच्चों की हत्या के मामले की सुनवाई के दौरान अदालत का माहौल भावुक हो गया। कोर्ट में उस 911 इमरजेंसी कॉल की रिकॉर्डिंग सुनाई गई, जिसमें बच्चों के पिता पैट्रिक क्लैंसी अपनी पत्नी लिंडसे क्लैंसी को घायल अवस्था में देखने के बाद बच्चों को खोजते हैं और फिर चीखते हुए कहते हैं, "उसने बच्चों को मार डाला।" यह मामला जनवरी 2023 का है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, पूर्व नर्स लिंडसे क्लैंसी ने अपने तीन बच्चों 5 वर्षीय कोरा, 3 वर्षीय डॉसन और 8 महीने के कैलन का गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने घर की दूसरी मंजिल की खिड़की से कूदकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन वह बच गई।
कोर्ट में सुनवाई के दौरान पैट्रिक क्लैंसी ने बताया कि घटना वाले दिन उनकी पत्नी ने उन्हें दवा और खाना लाने के लिए घर से बाहर भेजा था। जब वह वापस लौटे तो घर में असामान्य सन्नाटा था। उन्होंने बच्चों को ढूंढना शुरू किया। इसी दौरान उन्हें पत्नी घायल अवस्था में मिली, जिसने बताया कि बच्चे बेसमेंट में हैं। जब पैट्रिक नीचे पहुंचे तो तीनों बच्चे मृत मिले।लिंडसे क्लैंसी के वकीलों का कहना है कि वह पोस्टपार्टम साइकोसिस (Postpartum Psychosis) नामक दुर्लभ मानसिक बीमारी से पीड़ित थीं। उनका दावा है कि तीसरे बच्चे के जन्म के बाद उनकी मानसिक स्थिति तेजी से बिगड़ गई थी और उन्हें आवाजें सुनाई देती थीं, जो उन्हें बच्चों और खुद को नुकसान पहुंचाने के लिए उकसाती थीं। बचाव पक्ष ने अदालत में मेडिकल रिकॉर्ड, दवाओं की सूची और लिंडसे की निजी डायरी भी पेश की, जिसमें उन्होंने कई बार "भयानक विचार" (Horrible Thoughts) लिखे थे। वकीलों का कहना है कि कई मनोचिकित्सकीय दवाओं और इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
अभियोजन पक्ष का कहना है कि लिंडसे ने पूरी योजना बनाकर अपने पति को घर से बाहर भेजा और फिर बच्चों की हत्या कर दी। इसलिए उन्हें अपने अपराध की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। सुनवाई के दौरान पैट्रिक क्लैंसी ने बताया कि घटना से पहले उन्हें यह कभी नहीं बताया गया था कि उनकी पत्नी को बच्चों के साथ अकेला नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा, "मुझे इस घटना के बाद ही पता चला कि पोस्टपार्टम साइकोसिस क्या होता है।" उन्होंने पहले दिए गए इंटरव्यू में यह भी कहा था कि वह अपनी पत्नी को "बीमार" मानते हैं, "बुरी इंसान" नहीं। यदि अदालत लिंडसे क्लैंसी को हत्या का दोषी मानती है, तो उन्हें बिना पैरोल के आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। वहीं, यदि यह साबित हो जाता है कि घटना के समय वह मानसिक रूप से अपने कृत्य के लिए जिम्मेदार नहीं थीं, तो उन्हें जेल की बजाय राज्य के मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा जा सकता है।