Edited By Ramkesh,Updated: 01 Jun, 2026 02:59 PM

लगभग पांच राज्यों में 2027 में हाेने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी संगठन को मजबूत करने की कोशिश में जुटी है। इसी कड़ी में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के वरिष्ठ नेता नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को राष्ट्रीय संगठक नियुक्त किया है।...
नेशनल डेस्क: लगभग पांच राज्यों में 2027 में हाेने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी संगठन को मजबूत करने की कोशिश में जुटी है। इसी कड़ी में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के वरिष्ठ नेता नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को राष्ट्रीय संगठक नियुक्त किया है। पार्टी के एक पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
भाजपा के लिए बिहार और झारखंड में कर चुके हैं काम
त्रिपाठी बिहार और झारखंड के लिए भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री के रूप में सेवाएं दे रहे थे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) अरुण सिंह ने एक अधिसूचना में कहा, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को पार्टी का राष्ट्रीय संगठक (विशिष्ट कार्यकर्ता संपर्क) नियुक्त किया है।'' सिंह ने कहा, ''उनका केंद्र दिल्ली रहेगा।
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से समन्वय पर रहेगा फोकस
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस पद का प्रमुख उद्देश्य वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, समन्वय और संगठनात्मक अनुभवों को पार्टी की गतिविधियों से जोड़ना है। भाजपा लगातार संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत संपर्क को प्राथमिकता देती रही है। ऐसे में यह नियुक्ति संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नागेंद्र नाथ त्रिपाठी की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से प्रभावी होगी। नियुक्ति की सूचना पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों को भी भेज दी गई है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से शुरू की रामाजिक सेवा
आप को बता दें कि नागेंद्र नाथ त्रिपाठी उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के बेलौली गांव के एक कृषक परिवार से हैं। वह अपने भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं। उनके पिता का नाम गिरिजा पति त्रिपाठी और माता का नाम गणेशा देवी है। त्रिपाठी लम्बे से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े। उसके बाद उन्होंने पार्टी में कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाई है।
विद्यार्थी परिषद से बीजेपी संगठन महामंत्री तक का सफर
संघ के बाद उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में विभिन्न पदों पर रहते हुए काम किया, जहां उनके नेतृत्व और संगठन कौशल को पहचान मिली। उनके इसी हुनर को देखते हुए साल 2003 में उन्हें उत्तर प्रदेश बीजेपी का संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर पूरा ध्यान केंद्रित किया। उत्तर प्रदेश में करीब आठ सालों तक शानदार सांगठनिक सेवाएं देने के बाद, साल 2011 में पार्टी ने उन्हें बिहार बीजेपी के संगठन महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री के रूप में प्रभावी भूमिका
पार्टी आलाकमान ने अगस्त 2021 में उनके सांगठनिक कद को और बढ़ाते हुए उन्हें बिहार और झारखंड का क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नियुक्त किया। सांगठनिक नजरिए से यह पद बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि क्षेत्रीय संगठन महामंत्री पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी के बीच बेहतर तालमेल बिठाने, चुनावी खाका तैयार करने और राज्यों में पार्टी का दायरा बढ़ाने का बड़ा जिम्मा होता है। नागेंद्र नाथ त्रिपाठी अंदरूनी रणनीतियों, बड़ी बैठकों और महत्वपूर्ण सांगठनिक निर्णयों में उनकी राय हमेशा बेहद असरदार साबित होती रही है। फिलहाल अब बीजेपी ने उन्हें राष्ट्रीय संगठक नियुक्त किया है। उनका केन्द्र दिल्ली रहेगा।