Edited By Pardeep,Updated: 29 Jul, 2026 05:54 AM

दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे मुनाफे वाली अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन, एमिरेट्स ने डिजिटल भुगतान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। एयरलाइन ने अब अपनी उड़ानों के लिए क्रिप्टोकरेंसी (Cryptocurrency) के माध्यम से भुगतान स्वीकार करना शुरू कर दिया है।
दुबई: दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे मुनाफे वाली अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन, एमिरेट्स ने डिजिटल भुगतान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। एयरलाइन ने अब अपनी उड़ानों के लिए क्रिप्टोकरेंसी (Cryptocurrency) के माध्यम से भुगतान स्वीकार करना शुरू कर दिया है। इसके लिए एमिरेट्स ने 'Crypto.com Pay' के साथ साझेदारी की है, जिससे ग्राहक अब अपने डिजिटल वॉलेट के जरिए सीधे टिकट बुक कर सकेंगे।
युवा पीढ़ी और डिजिटल क्रांति पर ध्यान
एमिरेट्स के डिप्टी प्रेसिडेंट और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी, अदनान काज़िम ने कहा कि यह पहल ग्राहकों को भुगतान के अधिक विकल्प देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि आज की युवा और डिजिटल रूप से जागरूक पीढ़ी अपने पैसों का प्रबंधन और यात्रा की योजना मुख्य रूप से फोन के जरिए ही बनाती है। क्रिप्टो डॉट कॉम के अध्यक्ष एरिक अंज़ियानी ने इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और नवाचार के प्रति यूएई (UAE) के दूरदर्शी दृष्टिकोण की सराहना की।
फिलहाल यूएई निवासियों के लिए सुविधा
शुरुआती चरण में, यह सुविधा केवल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के उन पात्र निवासियों के लिए उपलब्ध है, जो अमीराती दिरहम (AED) में अपनी बुकिंग करेंगे। यात्री एमिरेट्स की वेबसाइट और ऐप पर चेकआउट के दौरान इस विकल्प का उपयोग कर सकते हैं। गौरतलब है कि दोनों कंपनियों के बीच जुलाई 2025 में हुए समझौते के बाद महज एक साल के भीतर इसे लागू कर दिया गया है।
रिकॉर्ड मुनाफे में है एमिरेट्स
एमिरेट्स न केवल सेवा में, बल्कि मुनाफे में भी अव्वल है। मार्च 2026 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में एयरलाइन ने 19.7 बिलियन दिरहम (लगभग 5.4 बिलियन डॉलर) का रिकॉर्ड लाभ दर्ज किया है। कंपनी के पास लगभग 277 बड़े विमानों का बेड़ा है जो दुनिया भर के 140 से अधिक गंतव्यों के लिए उड़ान भरते हैं। अपनी लग्जरी सुविधाओं जैसे 'ऑनबोर्ड शावर स्पा' और 'प्राइवेट फर्स्ट-क्लास सुइट्स' के लिए मशहूर यह एयरलाइन अब क्रिप्टो भुगतान के जरिए प्रीमियम ग्राहकों को आकर्षित करने की तैयारी में है।