Edited By VANSH Sharma,Updated: 11 Feb, 2026 10:44 PM

यह समन ईडी के जालंधर कार्यालय की ओर से भेजा गया है।
पंजाब डेस्क: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) से जुड़े एक पुराने मामले में समन जारी किया है। यह समन ईडी के जालंधर कार्यालय की ओर से भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, कैप्टन अमरिंदर सिंह को 12 फरवरी 2026 को जालंधर स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। यह कार्रवाई चल रही जांच के तहत की गई है। सूत्रों के मुताबिक, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी खराब सेहत का हवाला देते हुए पेशी के लिए कुछ अतिरिक्त समय मांगा है। बताया जा रहा है कि वे इस समय मोहाली के एक निजी अस्पताल में घुटने की समस्या का इलाज करवा रहे हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनकी ओर से समय बढ़ाने के लिए आवेदन ईडी को भेज दिया गया है। अब एजेंसी उनके मेडिकल दस्तावेजों की समीक्षा करने के बाद अगला फैसला लेगी।
कैप्टन अमरिंदर सिंह पहले कांग्रेस सरकार में पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने अपनी नई पार्टी ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ बनाई थी, लेकिन चुनाव में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। इसके बाद वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
बताया जा रहा है कि यह जांच उनके बेटे रणिंदर सिंह से जुड़े एक पुराने मामले से संबंधित है। रणिंदर सिंह पर विदेशों में फंड ट्रांसफर और ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड में ‘जैकरांडा ट्रस्ट’ नाम से संस्था बनाने को लेकर सवाल उठे थे। इस मामले में स्विट्जरलैंड से जुड़े कुछ वित्तीय लेन-देन की भी जांच हो चुकी है। फिलहाल, इस मामले में न तो कैप्टन अमरिंदर सिंह और न ही ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। सूत्रों का कहना है कि ईडी कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई करेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here