Edited By Anu Malhotra,Updated: 25 May, 2026 08:52 AM

Ambenali Ghat Accident: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। महाबलेश्वर-पोलादपुर मार्ग पर स्थित अंबेनाली घाट में एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर 700 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में वाहन में...
Ambenali Ghat Accident: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। महाबलेश्वर-पोलादपुर मार्ग पर स्थित अंबेनाली घाट में एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर 700 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में वाहन में सवार सभी 8 युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हादसा अंबेनाली घाट के खतरनाक मोड़ों वाले हिस्से में हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया, शुरुआती चरण में रेस्क्यू टीम ने दो शवों को खाई से बाहर निकाला, जबकि बाकी लोगों की तलाश कई घंटों तक जारी रही। बाद में सभी यात्रियों के मृत होने की पुष्टि की गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सातारा जिले के आसगांव क्षेत्र की थी। वाहन में सवार अधिकांश युवक सातारा और आसपास के गांवों के रहने वाले थे। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के नाम
- अंश समीर चव्हाण (19 वर्ष) - निवासी बोरगांव, तहसील चिपलून, जिला रत्नागिरी
- रितेश राजेंद्र लोखंडे (22 वर्ष)- निवासी आसगांव, जिला सातारा
- सुहास जितेंद्र लोखंडे (20 वर्ष) - निवासी आसगांव, जिला सातारा
- उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21 वर्ष) - निवासी मरडे, जिला सातारा
- निखिल अभिमन्यू शिंगटे (25 वर्ष) - निवासी मरडे, जिला सातारा
- महेश अनिल पवार (25 वर्ष) - निवासी आसगांव, जिला सातारा
- आदित्य अशोक साळुंखे (21 वर्ष) - निवासी आसगांव, जिला सातारा
- राजेश अशोक काटकर (35 वर्ष) - निवासी खटाव, जिला सातारा
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक तेज रफ्तार, घाट का खतरनाक मोड़ या वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह हो सकती है। हालांकि, असली कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।