Edited By Parveen Kumar,Updated: 25 May, 2026 09:28 PM

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संकेत दिया है कि सरकार शेयर बाज़ार के निवेशकों की चिंताओं को सुनने के लिए पूरी तरह तैयार है। सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) और शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन्स...
नेशनल डेस्क : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संकेत दिया है कि सरकार शेयर बाज़ार के निवेशकों की चिंताओं को सुनने के लिए पूरी तरह तैयार है। सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) और शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन्स (STCG) टैक्स से जुड़े मुद्दों पर निवेशकों से सुझाव और फीडबैक लेने के लिए तैयार है।
निवेशकों के हितों का ध्यान रखा जाएगा
Texprosil Export Awards समारोह के मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री ने साफ किया कि हम किसी भी मुद्दे पर लोगों की बात सुनने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं और उनके सुझावों पर ज़रूर विचार करेंगे। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब पश्चिम एशियाई संकट और वैश्विक कारणों से घरेलू शेयर बाज़ार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हालांकि, उन्होंने अभी तक टैक्स ढांचे में किसी भी औपचारिक बदलाव की घोषणा नहीं की है।
वित्त मंत्री ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल ही में हुई 2.61 रुपये से 2.71 रुपये तक की बढ़ोतरी को लेकर भी स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी सरकार की किसी अचानक बनाई गई नीति के कारण नहीं है, बल्कि वैश्विक बाज़ार में तेल खरीदने की असल कीमतों के कारण हुई है। उन्होंने याद दिलाया कि केंद्र सरकार ने पहले भी उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए टैक्स में कटौती करके 1 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक बोझ खुद उठाया था।
अर्थव्यवस्था की मज़बूती का दावा
देश की आर्थिक स्थिति पर भरोसा जताते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि ऐसे समय में भारत डर का माहौल पैदा करने का जोखिम नहीं उठा सकता, क्योंकि चुनौतियों के बावजूद हमारी अर्थव्यवस्था मज़बूत बनी हुई है। उन्होंने बैंकों से यह भी अपील की कि वे कारोबारी चक्रों के हिसाब से कर्ज़ देने की योजनाएँ तैयार करें, ताकि विकास की गति को और तेज़ किया जा सके।