कच्चे तेल के दाम में नरमी से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 1,074 अंक चढ़ा

Edited By Updated: 25 May, 2026 04:35 PM

stock market closes with spectacular gains bse jumps 1 000 points

कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को तेजी आई और बीएसई सेंसेक्स 1,074 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 312 अंक के लाभ में रहा। अमेरिका-ईरान बातचीत को लेकर धारणा सुधरने से कच्चे तेल की कीमतों में

बिजनेस डेस्कः कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को तेजी आई और बीएसई सेंसेक्स 1,074 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 312 अंक के लाभ में रहा। अमेरिका-ईरान बातचीत को लेकर धारणा सुधरने से कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के साथ वैश्विक बाजारों में तेजी आयी जिसका घरेलू बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,073.61 अंक यानी 1.42 प्रतिशत चढ़कर 76,488.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 1,143.72 अंक यानी 1.51 प्रतिशत बढ़कर 76,559.07 अंक पर पहुंच गया। इसी प्रकार, पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 312.40 अंक यानी 1.32 प्रतिशत बढ़कर 24,031.70 अंक पर रहा। 

सेंसेक्स की कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, एचडीएफसी बैंक, इटर्नल, बजाज फिनसर्व और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, सन फार्मा और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में गिरावट देखी गई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 5.52 प्रतिशत टूटकर 97.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने सोमवार को कहा कि ईरान के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए बातचीत में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सतर्क रुख अपना रहे हैं और किसी भी खराब समझौते को स्वीकार नहीं करेंगे। 

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिका-ईरान समझौते को लेकर बढ़ती उम्मीदों के चलते बाजार में तेजी रही। होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की दिशा में प्रगति की खबरों से वैश्विक धारणा में सुधार हुआ है। हालांकि, घटनाक्रम में लगातार बदलाव को देखते हुए स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है।'' 

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए। दक्षिण कोरिया और हांगकांग में अवकाश के कारण बाजार बंद रहे। यूरोप के प्रमुख बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को सकारात्मक दायरे में बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 4,440.47 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। सेंसेक्स बीते सप्ताह शुक्रवार को 231.99 अंक बढ़कर 75,415.35 अंक पर, जबकि निफ्टी 64.60 अंक की तेजी के साथ 23,719.30 अंक पर रहा था।  

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!