Edited By Sanjeev,Updated: 13 Oct, 2026 02:05 PM

सुरक्षा एजेंसियों ने राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हथियार और संदिग्ध विस्फोटक जब्त कर पंजाब के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार यह विस्फोटक सामग्री पाकिस्तानी ड्रोन से गिराई गई थी।
जयपुर : सुरक्षा एजेंसियों ने राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हथियार और संदिग्ध विस्फोटक जब्त कर पंजाब के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार यह विस्फोटक सामग्री पाकिस्तानी ड्रोन से गिराई गई थी। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह जब्ती सीमावर्ती रावला मंडी इलाके की ग्राम पंचायत 12 केएनडी में सीमा सुरक्षा बल (BSF), एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन 'सीमांतक' के दौरान की गई।
मिली जानकारी के अनुसार बरामद सामान में संदिग्ध RDX, दो पिस्तौल, चार मैगजीन, लगभग 650 कारतूस, चार जोड़ी बैटरी और दो रिमोट कंट्रोल शामिल हैं। ANTF के महानिरीक्षक विकास कुमार ने कहा कि ड्रोन का इस्तेमाल करके राजस्थान में बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक गिराए गए थे। कुमार ने कहा, 'यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि सामग्री किसने भेजी और उनका मकसद क्या था।'
उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से इस मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, ANTF को सोमवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि एक पाकिस्तानी ड्रोन ने सीमावर्ती इलाके में नहर के पास खेत में तीन संदिग्ध पैकेट गिराए हैं। शुरुआत में शक था कि पैकेट में नशीले पदार्थ हैं। हालांकि संयुक्त तलाशी में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। मौके पर दो संदिग्ध पकड़े गए जो पंजाब के जालंधर और फिरोजपुर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि जब्ती के बाद सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।