Edited By Sahil Kumar,Updated: 16 Sep, 2026 01:22 PM

उत्तराखंड में टिहरी गढवाल जिले के घनसाली तहसील के दोणी गांव में मंगलवार शाम छोटी पहाड़ी नदी (गदेरे) में बहा सात वर्षीय बालक आरव का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। बालक की तलाश में थाना घनसाली पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने रातभर...
टिहरी: उत्तराखंड में टिहरी गढवाल जिले के घनसाली तहसील के दोणी गांव में मंगलवार शाम छोटी पहाड़ी नदी (गदेरे) में बहा सात वर्षीय बालक आरव का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। बालक की तलाश में थाना घनसाली पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने रातभर सघन खोज एवं बचाव अभियान चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दोणी निवासी आरव पुत्र अरविंद कल शाम खेलते समय गांव के समीप स्थित गदेरे के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गदेरे और नदी क्षेत्र में बालक की तलाश शुरू की।
रातभर चले अभियान के बाद आज घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर नदी से आरव का शव बरामद कर लिया गया। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कारर्वाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर से दोणी गांव में शोक की लहर है, वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है।