Edited By jyoti choudhary,Updated: 13 May, 2026 10:51 AM

सरकार ने 13 मई से सोने पर कस्टम ड्यूटी बढ़ा दी है, जिसके बाद सोना और महंगा हो गया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खाड़ी युद्ध के संभावित आर्थिक असर को देखते हुए लोगों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। हालांकि, इस अपील का उल्टा असर...
बिजनेस डेस्कः सरकार ने 13 मई से सोने पर कस्टम ड्यूटी बढ़ा दी है, जिसके बाद सोना और महंगा हो गया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खाड़ी युद्ध के संभावित आर्थिक असर को देखते हुए लोगों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। हालांकि, इस अपील का उल्टा असर देखने को मिला और देशभर में सोने की खरीदारी अचानक तेज हो गई।
शादी के सीजन से पहले बढ़ी मांग
पीएम की अपील के बाद बाजार में पैनिक बाइंग का माहौल बन गया। लोग भविष्य में टैक्स और आयात शुल्क बढ़ने की आशंका से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण खरीदने लगे। खासतौर पर शादी के सीजन को ध्यान में रखते हुए जून-अगस्त ही नहीं, बल्कि नवंबर-दिसंबर की शादियों के लिए भी अभी से खरीदारी की जा रही है।
ब्राइडल ज्वेलरी की बिक्री में उछाल
पिछले दो दिनों में ब्राइडल ज्वेलरी की बिक्री में लगभग 15% से 20% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। ज्वैलर्स के मुताबिक बड़े शोरूम्स में रोजाना बिक्री करीब 25 लाख रुपए तक पहुंच गई, जबकि मध्यम आकार के स्टोर्स में 15 से 18 लाख रुपए तक का कारोबार हुआ।
MCX पर सोने की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी
बुधवार सुबह एमसीएक्स पर सोने की कीमतों में भारी उछाल देखा गया। सुबह करीब 9:30 बजे सोना 10 ग्राम पर 10 हजार रुपए से ज्यादा चढ़कर 1.64 लाख रुपए के पार पहुंच गया।
बाजार में अफवाहों का असर
बाजार में आयात शुल्क और जीएसटी बढ़ने की चर्चाओं ने भी ग्राहकों की चिंता बढ़ाई। कई लोगों को नकद खरीद पर संभावित प्रतिबंध का भी डर है। इसी अनिश्चितता के कारण उपभोक्ता जल्द खरीदारी करने लगे।
मुंबई और दक्षिण भारत में भी तेजी
मुंबई के Zaveri Bazaar में कारोबार में लगभग 20% की तेजी दर्ज की गई। वहीं दक्षिण भारत में भी भारी ब्राइडल ज्वेलरी की मांग देखी गई।
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के राष्ट्रीय सचिव Surendra Mehta के अनुसार, भारतीय संस्कृति में सोने का विशेष महत्व है, इसलिए लोग भविष्य में संभावित टैक्स बढ़ोतरी से बचने के लिए अभी निवेश करना सुरक्षित मान रहे हैं।