Edited By Sarita Thapa,Updated: 18 Dec, 2025 09:53 AM

आज की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जिंदगी में एक सुकून भरी नींद किसी वरदान से कम नहीं है। अक्सर हम दिन भर की थकान के बाद बिस्तर पर तो जाते हैं, लेकिन घंटों करवटें बदलने के बाद भी मन शांत नहीं होता और नींद कोसों दूर रहती है।
Feng Shui Tips for Sleep : आज की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जिंदगी में एक सुकून भरी नींद किसी वरदान से कम नहीं है। अक्सर हम दिन भर की थकान के बाद बिस्तर पर तो जाते हैं, लेकिन घंटों करवटें बदलने के बाद भी मन शांत नहीं होता और नींद कोसों दूर रहती है। क्या आप जानते हैं कि इसका एक बड़ा कारण आपके बेडरूम की बनावट या वहां रखी चीजों की दिशा हो सकती है। प्राचीन चीनी वास्तु शास्त्र, जिसे हम फेंगशुई के नाम से जानते हैं, ऊर्जा के संतुलन पर आधारित है। फेंगशुई का मानना है कि हमारे आसपास की वस्तुएं हमारे मानसिक स्वास्थ्य और विश्राम की क्षमता को सीधे प्रभावित करती हैं। अगर आप भी सुबह उठकर ताजगी महसूस नहीं करते या आपकी नींद बार-बार टूटती है, तो आपके बेडरूम में सकारात्मक ऊर्जा के प्रवाह को ठीक करने की जरूरत है। तो आइए जानते हैं आरामदायक नींद पाने के लिए फेंगशुई के कौन से टिप्स फॉलो करें।
बिस्तर की सही स्थिति
बेडरूम में बिस्तर का स्थान सबसे महत्वपूर्ण होता है। बिस्तर का सिरहाना हमेशा एक मजबूत दीवार से सटा होना चाहिए। यह सुरक्षा और स्थिरता का अहसास कराता है। बिस्तर कभी भी दरवाजे के बिल्कुल सामने नहीं होना चाहिए। इसे ऐसी जगह रखें जहां से दरवाजा तो दिखे, लेकिन आप उसकी सीधी लाइन में न हों।
बेडरूम को रखें कबाड़ मुक्त
फेंगशुई में माना जाता है कि बिखरा हुआ सामान ऊर्जा के प्रवाह को रोकता है, जिससे मानसिक तनाव बढ़ता है। बिस्तर के नीचे जूते, पुराने कागज या फालतू सामान बिल्कुल न रखें। यह आपकी नींद में बाधा डाल सकता है और अचेतन मन को अशांत रखता है। बेडरूम की अलमारियों को भी व्यवस्थित रखें ताकि कमरा खुला और शांत महसूस हो।

दर्पण का सही स्थान
सोते समय दर्पण का आपके सामने होना फेंगशुई में अच्छा नहीं माना जाता। यदि सोते समय दर्पण में आपका प्रतिबिंब दिखता है, तो यह आपकी ऊर्जा को कम कर सकता है और बेचैनी पैदा कर सकता है। अगर दर्पण हटाना मुमकिन न हो, तो रात को उसे किसी कपड़े से ढक दें।
रंगों का चुनाव और इलेक्ट्रॉनिक्स से दूरी
बेडरूम की दीवारों के लिए 'स्किन टोन्स' या हल्के पेस्टल रंगों का चुनाव करें। ये रंग मन को सुकून देते हैं। सोने के स्थान से मोबाइल, लैपटॉप और टीवी जैसी चीजों को दूर रखें। ये उपकरण 'यांग' ऊर्जा पैदा करते हैं जो नींद में खलल डालती है।
संतुलन के लिए जोड़े में रखें सामान
फेंगशुई संतुलन और सामंजस्य का विज्ञान है। बिस्तर के दोनों तरफ समान जगह छोड़ें। हो सके तो दो सिराहने वाली मेज और दो एक जैसे लैंप रखें। यह न केवल कमरे को सुंदर बनाता है, बल्कि रिश्तों में भी संतुलन लाता है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ