Edited By Niyati Bhandari,Updated: 23 Sep, 2026 11:45 AM

Garba Partner on Rent: नवरात्रि 2026 से पहले गुजरात में किराए पर गरबा पार्टनर देने के सोशल मीडिया ऑफर्स वायरल हो रहे हैं। साइबर क्राइम पुलिस ने सिल्वर, गोल्ड पैकेज की जांच शुरू कर लोगों को अलर्ट रहने की चेतावनी दी है।
अहमदाबाद (इंट): नवरात्रि की आहट के साथ ही गुजरात में गरबा प्रेमियों को लुभाने के लिए सोशल मीडिया पर एक नया और चौंकाने वाला ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम पर पैसों के बदले गरबा पार्टनर, मैचिंग कपडे़ और फोटो-रील्स बनवाने के दावों वाले 'रैंट-ए-पार्टनर' पैकेज बेचे जा रहे हैं। हालांकि, इन आकर्षक विज्ञापनों के पीछे साइबर ठगी का बड़ा जाल छिपा होने की आशंका जताई जा रही है। अहमदाबाद, सूरत और मुंबई से जुड़े कई इंस्टाग्राम अकाऊंट पुलिस के रडार पर आ चुके हैं, और अधिकारियों ने आम जनता को किसी भी अनजान लिंक या क्यूआर कोड पर पैसे भेजने से सख्त परहेज करने की सलाह दी है।
नवरात्रि का त्यौहार नजदीक आते ही गुजरात में गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने वाले ‘रैंट-ए-पार्टनर’ ऑफर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इंस्टाग्राम पर गरबा के लिए पार्टनर उपलब्ध कराने के दावों वाले कई अकाऊंट सामने आने के बाद गुजरात साइबर क्राइम पुलिस ने इनकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि इन ऑफर्स की आड़ में साइबर ठगी करने वाले लोगों को निशाना बना सकते हैं।
साइबर क्राइम अधिकारियों की नियमित सोशल मीडिया निगरानी के दौरान ऐसे कई इंस्टाग्राम अकाऊंट सामने आए, जिन पर पैसे लेकर गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने के विज्ञापन दिए जा रहे थे। इसके बाद अहमदाबाद, सूरत और मुंबई से जुड़े कुछ अकाऊंट संचालकों से पूछताछ की गई।
1000 से पैकेज शुरु
सोशल मीडिया पर दिए जा रहे ऑफर्स में ‘सिल्वर पैकेज’ करीब 1000 रुपए से शुरू बताया गया है। इसमें 2 घंटे तक गरबा डांस, मैचिंग कपड़े, गरबा के बेसिक स्टैप सिखाने और फोटो-सैल्फी का मौका देने का दावा किया जा रहा है।
वहीं ‘गोल्ड पैकेज’ 1500 से 2000 रुपए तक का बताया गया है। इसमें 4 घंटे तक गरबा, इंस्टाग्राम फोटो और रील्स के अलावा जोड़ी के लिए काल्पनिक ‘हम कैसे मिले’ कहानी तैयार करने जैसी पेशकश भी की जा रही है। कुछ अकाऊंट पर ‘प्लेटिनम पैकेज’ 2000 से 6500 रुपए तक में उपलब्ध होने का दावा है। पुलिस ने लोगों से ऑफर की पूरी तरह पुष्टि किए बिना पैसे भेजने या संदिग्ध लिंक खोलने से बचने को कहा है।