Edited By Niyati Bhandari,Updated: 11 Nov, 2026 03:40 PM

Matke Ke Pas Diya: वास्तु शास्त्र के अनुसार मटके (जल स्थान) के पास दिया जलाना कितना सही है? जानिए क्यों आधुनिक रसोई में यह गलती परिवार के सदस्यों में गुस्सा और विवाद की वजह बन सकती है।
Matke Ke Pas Diya: भारतीय संस्कृति में परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं का विशेष महत्त्व है। हमारे घरों में पूजा-पाठ, त्योहारों और विभिन्न शुभ अवसरों पर दीपक जलाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इसी प्रकार, घर में मिट्टी का मटका या घड़ा रखना भी हमारी पारंपरिक जीवनशैली का हिस्सा रहा है। पहले के समय में मटके का उपयोग मुख्य रूप से पीने का पानी ठंडा रखने के लिए किया जाता था, जबकि आज भी अनेक घरों में मटके का उपयोग किया जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि मटके के पास दिया जलाना वास्तु की दृष्टि से उचित है या नहीं? विशेष रूप से उन परिवारों में यह प्रश्न महत्त्वपूर्ण हो जाता है, जहां कुलदेवी या कुलदेवता की परंपरा के अनुसार शाम के समय मटके के पास दीपक जलाया जाता है।

मटके के पास दीपक जलाने की परंपरा: भारत में विशेषतौर पर राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में यह परंपरा देखने को मिलती है कि परिवार के लोग कुलदेवी या कुलदेवता के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए मटके के पास शाम के समय दीपक जलाते हैं। यहां के कुछ परिवार जो अन्य स्थानों पर बसे हैं वहां भी वह इस परम्परा का पालन करते हैं।
पहले घरों की बनावट और रसोई की व्यवस्था आज से अलग होती थी। रसोई में भोजन बनाया जाता था और मटके को रसोई से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर रखा जाता था। ऐसे में मटके के पास दीपक जलाने के लिए अलग स्थान उपलब्ध हो जाता था। लेकिन आजकल घरों की बनावट में काफी बदलाव आ गया है। आधुनिक घरों और फ्लैटों में जगह की कमी के कारण मटके को अक्सर रसोई के अंदर ही रखा जाता है। मटके के लिए बाहर अलग से कोई स्थान नहीं बनाया जाता।
अनुभव में आया है कि रसोई के अंदर रखे मटके के पास दिया जलाने से उस घर में रहने वाले सभी सदस्य गरम स्वभाव के होते हैं, जिससे परिवार में विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है। क्योंकि रसोई में दिया लगाना भी एक प्रकार से पूजा का ही पार्ट होता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, रसोई के अंदर किसी भी प्रकार से पूजा का स्थान होना सही नहीं है।
यदि आपके घर में मटके के लिए रसोई के बाहर अलग से स्थान उपलब्ध नहीं है, तो घर के सौहार्द्रपूर्ण वातावरण के लिए रसोई में दिया न लगाना ही समझदारी है, फिर भी आप अपने विवेक से निर्णय लें।
वास्तु गुरु कुलदीप सलूजा
thenebula2001@gmail.com
