Edited By Manisha,Updated: 30 Jun, 2026 10:53 AM

आज के दौर में सोशल मीडिया सिर्फ तस्वीरें और अपडेट साझा करने का प्लेटफॉर्म नहीं रह गया है, बल्कि यह वह माध्यम बन चुका है जहां सितारे अपने असली व्यक्तित्व के साथ फैंस से जुड़ते हैं।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। आज के दौर में सोशल मीडिया सिर्फ तस्वीरें और अपडेट साझा करने का प्लेटफॉर्म नहीं रह गया है, बल्कि यह वह माध्यम बन चुका है जहां सितारे अपने असली व्यक्तित्व के साथ फैंस से जुड़ते हैं। कोई अपने अभिनय से लोगों का मनोरंजन करता है तो कोई फिटनेस, ट्रैवल या ह्यूमर के जरिए दर्शकों का दिल जीतता है। ‘वर्ल्ड सोशल मीडिया डे’ के मौके पर आइए जानते हैं बॉलीवुड की उन पांच अभिनेत्रियों के बारे में, जिन्होंने अपने अनोखे और मनोरंजक कंटेंट से इंस्टाग्राम पर अलग पहचान बनाई है।
विद्या बालन और शिल्पा शेट्टी का अंदाज़ सबसे अलग
विद्या बालन अपने शानदार अभिनय की तरह सोशल मीडिया पर भी पूरी तरह छाई रहती हैं। ट्रेंडिंग डायलॉग्स पर लिप-सिंक, वायरल रील्स और दमदार एक्सप्रेशंस के जरिए वह हर वीडियो को खास बना देती हैं। वहीं शिल्पा शेट्टी ने फिटनेस और फूड का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके वेलनेस टिप्स जहां लोगों को प्रेरित करते हैं, वहीं उनका लोकप्रिय ‘संडे बिंज’ सीरीज़ हर हफ्ते फैंस के बीच चर्चा का विषय बना रहता है। मिठाइयों से लेकर स्ट्रीट फूड तक, वह हेल्दी लाइफस्टाइल के साथ संतुलित जीवन जीने का संदेश देती हैं।

कुब्रा सैत और श्रद्धा कपूर का कंटेंट है सबसे रिलेटेबल
कुब्रा सैत अपने सिग्नेचर ‘गुड मॉर्निंग ह्यूमन्स’ अभिवादन के साथ सोशल मीडिया पर सकारात्मक ऊर्जा बिखेरती हैं। रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातों पर उनके मजेदार ऑब्जर्वेशन और बेबाक अंदाज़ फैंस को खूब पसंद आते हैं। वहीं श्रद्धा कपूर अपनी सादगी और ‘गर्ल नेक्स्ट डोर’ इमेज के कारण सोशल मीडिया की सबसे पसंदीदा अभिनेत्रियों में शामिल हैं। उनकी फनी रील्स, डांस वीडियोज़ और शूटिंग के बिहाइंड-द-सीन्स मोमेंट्स दर्शकों को उनसे जोड़े रखते हैं।

सारा अली खान की तुकबंदी और ट्रैवल व्लॉग्स ने बनाई अलग पहचान
सारा अली खान अपने मशहूर ‘नमस्ते दर्शकों’ अंदाज़ से हर पोस्ट की शुरुआत कर फैंस का ध्यान खींच लेती हैं। ट्रैवल व्लॉग्स, फैमिली मोमेंट्स, शूटिंग के बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो और अपनी मजेदार तुकबंदी व कविताओं के जरिए वह सोशल मीडिया पर लगातार मनोरंजन करती रहती हैं। इन पांचों अभिनेत्रियों ने यह साबित किया है कि सोशल मीडिया केवल फॉलोअर्स बढ़ाने का जरिया नहीं, बल्कि अपनी असली शख्सियत दिखाने और दर्शकों के साथ मजबूत जुड़ाव बनाने का भी सबसे प्रभावी माध्यम है।