Edited By Manisha,Updated: 19 Sep, 2026 04:12 PM

अनिल कपूर के नए गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ में ज्ञान से ज्यादा तर्क, निरीक्षण और रोजमर्रा की समझ की परीक्षा होगी। जानिए शो की 5 खास बातें, जिनमें घर बैठे खेलने का मौका, स्मार्ट टीवी और स्मार्टफोन जीतने का अवसर और 100 प्रतियोगियों...
नई दिल्ली/ टीम डिजिटल। क्या आप भी उन छोटी-छोटी बातों को तुरंत नोटिस कर लेते हैं, जो अक्सर दूसरों की नजरों से छूट जाती हैं? अगर आपकी यही खासियत आपको 1 करोड़ रुपये जीतने के करीब ले जाए तो? इसी सोच और रोमांच के साथ शुरू हो रहा है नया गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’। अनिल कपूर द्वारा होस्ट किया जाने वाला यह शो सामान्य ज्ञान से ज्यादा आपकी सोचने, समझने और चीजों को गौर से देखने की क्षमता को परखेगा। शो से जुड़ी ये 5 खास बातें इसे और दिलचस्प बनाती हैं।
1. घर बैठे भी खेल सकेंगे गेम और जीतने का मौका
यह गेम सिर्फ स्टूडियो में मौजूद प्रतियोगियों तक सीमित नहीं रहेगा। दर्शक भी जियोहॉटस्टार के जरिए लाइव ‘प्ले अलॉन्ग’ में हिस्सा ले सकेंगे। घर बैठे दर्शक उन्हीं सवालों के जवाब दे पाएंगे, जिनका सामना शो में मौजूद प्रतियोगी करेंगे। इससे उन्हें यह परखने का मौका मिलेगा कि क्या वे भी भारत के टॉप 1 प्रतिशत लोगों में शामिल होने की क्षमता रखते हैं।
खास बात यह है कि घर बैठे गेम खेलने वाले दर्शकों के पास स्मार्टफोन और स्मार्ट टीवी जीतने का मौका भी होगा। यानी मनोरंजन के साथ दर्शकों को खुद इस खेल का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा।
2. अनिल कपूर अपने खास ‘झक्कास’ अंदाज में करेंगे होस्ट
अनिल कपूर की एनर्जी, ह्यूमर और शानदार अंदाज शो की खासियतों में से एक होने वाला है। मुश्किल सवालों और रोमांचक एलिमिनेशन के बीच अनिल कपूर प्रतियोगियों के साथ हंसी-मजाक और दिलचस्प बातचीत करते नजर आएंगे।
उनकी सहज बातचीत और अचानक आने वाले मजेदार पल शो के माहौल को और मनोरंजक बनाएंगे। ऐसे में दर्शकों को गेम के साथ अनिल कपूर का खास अंदाज भी देखने को मिलेगा।
3. रोजमर्रा की सोच से खुल सकता है जीत का रास्ता
इस गेम को जीतने के लिए किताबों का ढेर सारा सामान्य ज्ञान याद करना जरूरी नहीं है। शो के सवाल तर्क, निरीक्षण और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी परिस्थितियों पर आधारित होंगे। कई बार सवाल का जवाब आपकी आंखों के सामने ही मौजूद होगा, लेकिन उसे पहचानना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
यानी यहां सिर्फ यह मायने नहीं रखेगा कि आपको कितना पता है, बल्कि यह भी जरूरी होगा कि आप किसी चीज को कितनी बारीकी से देखते और समझते हैं। आखिरकार, ‘बात खटकी तो जीत पक्की!’
4. परिवार के साथ गेम नाइट का बनेगा नया बहाना
शो को देखते हुए घर में हर किसी का अपना जवाब हो सकता है। दादा-दादी से लेकर माता-पिता और बच्चों तक, परिवार का हर सदस्य सवालों के जवाब देने की कोशिश कर सकता है।
ऐसे में टीवी स्क्रीन के सामने अलग-अलग जवाबों को लेकर होने वाली मजेदार बहस, चौंकाने वाले अनुमान और बार-बार सुनाई देने वाला ‘मैंने पहले ही बोला था!’ वाला डायलॉग परिवार के साथ गेम नाइट को और मजेदार बना सकता है।
5. गेम का नजर न आया ऐसा भव्य प्रारूप
सबसे खास बात यह है कि ‘इंडिया के टॉप 1%’ एक ऐसे भव्य गेम प्रारूप के साथ दर्शकों के सामने आएगा, जिसे पहले इस तरह नहीं देखा गया है। शानदार गेम एम्फीथिएटर एरिना में 100 प्रतियोगियों के साथ खेल को बड़े स्तर पर पेश किया जाएगा।
रोशनी और ध्वनि का खास संयोजन, भव्य सेट और गेम की ऊर्जा इसे बड़े पर्दे जैसा अनुभव देने की कोशिश करेंगे। 100 प्रतियोगियों के साथ होने वाला यह बड़ा मुकाबला शो के रोमांच को और बढ़ाएगा।
‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ का प्रीमियर आज रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।