Edited By Mansi,Updated: 08 Jun, 2026 10:58 AM

पद्म भूषण सम्मानित, ऑस्कर और ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने प्रतिष्ठित अटारी बॉर्डर पोस्ट पर अपना पहला लाइव प्रदर्शन देकर इतिहास रच दिया। ‘जय हो – ए म्यूजिकल सैल्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स’ नामक इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन बीटिंग रिट्रीट...
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। पद्म भूषण सम्मानित, ऑस्कर और ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने प्रतिष्ठित अटारी बॉर्डर पोस्ट पर अपना पहला लाइव प्रदर्शन देकर इतिहास रच दिया। ‘जय हो – ए म्यूजिकल सैल्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स’ नामक इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन बीटिंग रिट्रीट समारोह के दौरान किया गया, जहां उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले बीएसएफ के वीर जवानों को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की।
देशभक्ति और गर्व के रंग में रंगा जेसीपी स्टेडियम
जॉइंट चेक पोस्ट (जेसीपी) स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों दर्शक शामिल हुए। पूरे परिसर में देशभक्ति, सम्मान और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत माहौल देखने को मिला। दर्शकों के उत्साह, तालियों और जयकारों ने इस आयोजन को एक ऐतिहासिक और यादगार अवसर बना दिया।
‘मैं वापस आऊंगा’ से जुड़ी अटारी बॉर्डर की खास अहमियत
फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की कहानी भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जो उपमहाद्वीप के इतिहास के सबसे बड़े पलायन की भावनात्मक गाथा को दर्शाती है। अटारी बॉर्डर पर इस कार्यक्रम का आयोजन फिल्म के लिए भी विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसकी कहानी बंटवारे के दौरान बिछड़े लोगों की यादों, प्रेम और विरह से प्रेरित है।
फिल्म की टीम ने बीएसएफ को समर्पित किया संगीत एल्बम
कार्यक्रम की शुरुआत निर्देशक इम्तियाज अली, बिरला स्टूडियोज़ की अनन्या बिड़ला, अभिनेता वेदांग रैना और निर्माता मोहित चौधरी ने की। सभी ने बीएसएफ और भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति आभार व्यक्त किया। फिल्म निर्माताओं ने ‘मैं वापस आऊंगा’ के आगामी संगीत एल्बम को भारतीय सेना और सुरक्षा बलों के साहस एवं बलिदान को समर्पित किया।
फिल्म के गीतों ने बांधा समां
संगीतमय प्रस्तुति की शुरुआत ए.आर. रहमान के भावपूर्ण गीत ‘चंदा सूरज लाखों तारे’ से हुई। इसके बाद ‘मैं वापस आऊंगा’ के गीतों की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘मस्कारा’ को नीलांजना घोष और वेदांग रैना ने प्रस्तुत किया, जबकि ‘इश्क मस्ताना’ को मोहिट चौहान, पूजा तिवारी और नरगिस ने अपनी आवाज़ दी। फिल्म के अन्य गीतों ने भी कार्यक्रम में जोश और भावनाओं का अनूठा संगम पेश किया।
‘मां तुझे सलाम’ के साथ हुआ भावनात्मक समापन
कार्यक्रम का समापन ए.आर. रहमान की प्रतिष्ठित रचना ‘मां तुझे सलाम’ से हुआ। इस प्रस्तुति के दौरान पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में डूब गया और दर्शकों ने खड़े होकर कलाकारों और जवानों का सम्मान किया।
इम्तियाज अली बोले – प्रेम ही हमें जोड़ता है
इस अवसर पर निर्देशक इम्तियाज अली ने कहा, “अटारी गेट के जेसीपी स्टेडियम में ए.आर. रहमान का यह प्रदर्शन एक अनूठा अनुभव है। यह कार्यक्रम हमारे सीमा पर तैनात बीएसएफ और भारतीय सेना के जवानों के साहस, राष्ट्रीय भावना और एकता को समर्पित है। ‘मैं वापस आऊंगा’ की कहानी 1947 के विभाजन के दौरान टूटे घरों और बिछड़े दिलों की कहानी कहती है। हम प्रेम का संदेश लेकर आए हैं क्योंकि अंततः प्रेम ही हमें जोड़कर रखता है।”
12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
इम्तियाज अली की भावनात्मक दुनिया में रची-बसी ‘मैं वापस आऊंगा’ में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं। बिरला स्टूडियोज़, अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स द्वारा निर्मित यह फिल्म 12 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का संगीत टिप्स म्यूजिक के बैनर तले जारी किया जाएगा।