'प्रतिभाशाली युवाओं को धमकाया जा रहा है', सिद्धू मूसेवाला को याद कर बोले राहुल गांधी

Edited By Updated: 04 Nov, 2026 03:51 PM

rahul gandhi speaks while remembering sidhu moosewala

रैली में राहुल गांधी ने पंजाब की कानून-व्यवस्था, नशे और अपराध के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कई साल पहले भी उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन उस समय विपक्षी दलों ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया...

नैशनल डैस्क : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब के संगरूर में आयोजित कांग्रेस की 'इंसाफ रैली' में दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को याद किया। उन्होंने कहा कि जिस सोच के लोगों ने सबके सामने सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या की थी, आज वही सोच पंजाब के हर कोने में घूम रही है। राहुल गांधी ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला के पिता से मुलाकात के बाद उन्होंने अपने भाषण की योजना में बदलाव किया। इसके बाद उन्होंने मूसेवाला के पिता को मंच पर बुलाया और उनके बेटे की हत्या का जिक्र किया।

राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब में आज हालात ऐसे हो गए हैं कि जो भी व्यक्ति प्रतिभाशाली है और अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ना चाहता है, उसे धमकियां दी जाती हैं। उसे डराया जाता है और फिर सबके सामने गोली मार दी जाती है। उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला भी पंजाब और देश के लिए कुछ करना चाहते थे, लेकिन उन्हें निशाना बनाया गया।

सिद्धू मूसेवाला से मुलाकात को किया याद
राहुल गांधी ने बताया कि कई साल पहले सिद्धू मूसेवाला उनसे मिलने उनके कार्यालय आए थे। उस समय वह कांग्रेस में शामिल होना चाहते थे। राहुल गांधी ने कहा कि उस वक्त वह मूसेवाला को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे और न ही उनके गाने सुने थे, लेकिन उन्हें बताया गया था कि वह एक अच्छे और प्रतिभाशाली इंसान हैं। उन्होंने कहा कि मूसेवाला काफी प्रभावशाली व्यक्तित्व के मालिक थे। जब उन्होंने राजनीति में आने का फैसला किया, तो राहुल गांधी को लगा कि वह एक जोखिम भरे क्षेत्र में कदम रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मूसेवाला एक अच्छे गायक और प्रतिभाशाली युवा थे, लेकिन उन्हें राजनीति के खतरों की पूरी जानकारी नहीं थी। इसलिए वह उन्हें राजनीतिक रूप से सुरक्षित रखना चाहते थे।

सुरक्षा हटने के बाद हुई थी हत्या
राहुल गांधी ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दिन पंजाब पुलिस ने उनकी सुरक्षा हटा दी और इसके अगले दिन उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि मूसेवाला की हत्या दिनदहाड़े एक काली SUV में सवार हमलावरों ने की थी। यह घटना पूरे पंजाब और देश के सामने हुई थी। राहुल गांधी ने मूसेवाला के पिता से मुलाकात को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उस समय एक पिता के दर्द को बयां किया था। उन्होंने कहा था कि माता-पिता की मौत से दुख होता है, लेकिन जिस पिता को अपने बेटे की मौत देखनी पड़े, उससे बड़ा दुख दुनिया में कोई नहीं हो सकता।

पंजाब में नशे और गैंगस्टरवाद पर भी उठाए सवाल
रैली में राहुल गांधी ने पंजाब की कानून-व्यवस्था, नशे और अपराध के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कई साल पहले भी उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन उस समय विपक्षी दलों ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया था। राहुल गांधी ने कहा कि अगर राज्य में उद्योग, फैक्ट्रियां और खेती-किसानी के लिए बेहतर अवसर नहीं होंगे, तो युवाओं के बीच नशे और गैंगस्टरवाद जैसी समस्याएं बढ़ेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे की समस्या पर काबू पाने में सरकार नाकाम रही है।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्म
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो रही हैं। राज्य में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस को 18 सीटें मिली थीं। बता दें कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या से एक दिन पहले पंजाब पुलिस ने उनकी सुरक्षा वापस ले ली थी। इस मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और कनाडा में रहने वाले गोल्डी बराड़ पर भी हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!