Edited By Manisha,Updated: 14 Jun, 2026 02:11 PM

यहां पढ़ें कैसी है फिल्म हॉन्टेड 3D : एकोस ऑफ द पास्ट...
फिल्म- हॉन्टेड 3D : एकोस ऑफ द पास्ट (Haunted 3D: Echoes Of The Past)
स्टारकास्ट: महाक्षय चक्रवर्ती (Mahakshay Chakraborty), चेतना पांडे (Chetna Pande), गौरव बाजपेयी (Gaurav Bajpai), हेमंत पांडे (Hemant Pandey), श्रुति प्रकाश (Shruti Prakash), प्रनीत भट्ट (Praneet Bhatt), मनवीर चौधरी (Manveer Chaudhary)
डायरेक्टर: विक्रम भट्ट (Vikram Bhatt), मनीष पी. चव्हाण (Manish P Chavan)
रेटिंग: 3.5*
Haunted 3D: Echoes Of The Past: हॉरर फिल्मों के लिए मशहूर निर्देशक विक्रम भट्ट एक बार फिर Haunted 3D: Echoes Of The Past के साथ दर्शकों को डर और रहस्य की दुनिया में ले जाते हैं। यह फिल्म केवल भूत-प्रेत और डरावने दृश्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके केंद्र में एक ऐसी प्रेम कहानी है जो समय और मौत की सीमाओं को भी पार कर जाती है। सस्पेंस, भावनाओं और भय का मिश्रण फिल्म को एक अलग पहचान देने की कोशिश करता है। तो चलिए जानते हैं कैसी है फिल्म...

कहानी
फिल्म की कहानी देव (महाक्षय चक्रवर्ती) के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपने अतीत की कड़वी यादों से दूर जाने के लिए एक पुराने और सुनसान महलनुमा घर में रहने पहुंचता है। लेकिन वहां पहुंचते ही उसके सामने रहस्यमयी घटनाओं की एक लंबी श्रृंखला शुरू हो जाती है। अजीब आवाजें, डरावनी परछाइयां और हवेली में छिपे कई अनसुलझे राज उसे बेचैन कर देते हैं। इन रहस्यों की परतें खुलने के साथ देव की मुलाकात सुनहरी (चेतना पांडे) से जुड़े ऐसे सच से होती है, जो उसकी जिंदगी की दिशा ही बदल देता है। फिल्म धीरे-धीरे रहस्य और रोमांस को साथ लेकर आगे बढ़ती है और आगे क्या होगा वो तो फिल्म देखकर ही पता चलेगा...

एक्टिंग
महाक्षय चक्रवर्ती ने देव के किरदार में संतुलित और प्रभावी अभिनय किया है। भावनात्मक दृश्यों में उनकी पकड़ कहानी को मजबूती देती है। वहीं चेतना पांडे रहस्यमयी और संवेदनशील सुनहरी के रूप में प्रभावित करती हैं। दोनों कलाकारों के बीच की केमिस्ट्री फिल्म के भावनात्मक पक्ष को मजबूत बनाती है। सहायक कलाकार गौरव बाजपेयी, हेमंत पांडे, श्रुति प्रकाश, प्रनीत भट्ट और मनवीर चौधरी ने भी अपने-अपने किरदारों के साथ न्याय किया है और कहानी के रहस्य को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।

डायरेक्शन
निर्देशक विक्रम भट्ट ने फिल्म में डर पैदा करने के लिए केवल जंप स्केयर्स का सहारा नहीं लिया, बल्कि माहौल के जरिए सस्पेंस और बेचैनी को धीरे-धीरे विकसित किया है। हवेली का डरावना वातावरण, धुंध से भरी लोकेशंस और प्रभावी बैकग्राउंड स्कोर फिल्म के हॉरर तत्वों को मजबूत बनाते हैं। सिनेमैटोग्राफी और प्रोडक्शन डिजाइन भी कहानी के अनुरूप नजर आते हैं। हालांकि फिल्म की रफ्तार कुछ जगहों पर धीमी महसूस होती है और कुछ हॉरर तत्व परिचित लगते हैं, लेकिन मजबूत माहौल, भावनात्मक कहानी और प्रभावी निर्देशन इसे एक बार देखने लायक हॉरर ड्रामा बनाते हैं। कुल मिलाकर फिल्म एक अच्छा मनोरंजन साबित होगी और आप अपने परिवार के साथ देख सकते हैं।