Edited By Manisha,Updated: 01 Aug, 2026 03:22 PM

प्रसिद्ध फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह के बैनर सनशाइन पिक्चर्स और संजय उपाध्याय के नेतृत्व में तैयार किया गया नया डिजिटल प्रोजेक्ट 'आईआईटी किराना स्टोर' इन दिनों दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह के बैनर सनशाइन पिक्चर्स और संजय उपाध्याय के नेतृत्व में तैयार किया गया नया डिजिटल प्रोजेक्ट 'आईआईटी किराना स्टोर' इन दिनों दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। दमदार और संवेदनशील कहानियों के लिए पहचाने जाने वाले सनशाइन पिक्चर्स ने इस विशेष एपिसोड को अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया है। टीज़र को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद रिलीज हुआ यह एपिसोड युवाओं की महत्वाकांक्षाओं, पारिवारिक मूल्यों और सफलता के वास्तविक अर्थ पर गहरी सोचने के लिए प्रेरित करता है।
सफलता की दौड़ पर उठाता है अहम सवाल
आज के दौर में अच्छे अंक, प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश और ऊंचे पैकेज वाली नौकरी को ही सफलता का पैमाना माना जाने लगा है। ऐसे माहौल में छात्र और उनके परिवार लगातार बढ़ते मानसिक और भावनात्मक दबाव का सामना कर रहे हैं। 'आईआईटी किराना स्टोर' इसी सामाजिक सोच पर सवाल उठाते हुए यह संदेश देता है कि यदि सफलता की दौड़ में रिश्ते, अपनापन और मानसिक शांति पीछे छूट जाए, तो उस सफलता का वास्तविक महत्व क्या रह जाता है।
दिल को छू लेने वाली कहानी
यह कहानी आईआईटी बॉम्बे के एक गोल्ड मेडलिस्ट की है, जिसे सिलिकॉन वैली में करीब 4 लाख डॉलर सालाना पैकेज की नौकरी मिलती है। लेकिन वह अपने बीमार माता-पिता की देखभाल के लिए विदेश की नौकरी छोड़कर भारत लौट आता है और अपने परिवार का किराना स्टोर संभालने का फैसला करता है। इस भावनात्मक सफर के माध्यम से कहानी यह संदेश देती है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सफल पेशेवर तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे संवेदनशील और जिम्मेदार इंसान बनाना भी है जो परिवार, रिश्तों और मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता दें।
युवाओं और अभिभावकों के लिए प्रेरणादायक संदेश
'आईआईटी किराना स्टोर' मेहनत और सफलता के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह बताती है कि जीवन में सफलता केवल ऊंची नौकरी या बड़े पद तक सीमित नहीं होती। सही निर्णय लेना, परिवार के साथ खड़ा रहना, रिश्तों का सम्मान करना और कठिन परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। यही सोच इस एपिसोड को आज के समय में बेहद प्रासंगिक बनाती है।
सोशल मीडिया पर मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स
रिलीज के बाद से ही इस एपिसोड को सोशल मीडिया पर दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। इसकी भावनात्मक कहानी, सादगी और परिवार-केंद्रित संदेश की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "मैंने यूट्यूब पर 'आईआईटी किराना स्टोर' देखा और इसकी कहानी ने मुझे पूरी तरह से भावुक कर दिया। अब इसके अगले एपिसोड का बेसब्री से इंतजार है।" वहीं एक अन्य दर्शक ने लिखा, 'आईआईटी किराना स्टोर' यूट्यूब पर उपलब्ध बेहतरीन वेब सीरीज में से एक है। ऐसा शानदार कंटेंट आज के समय में कम देखने को मिलता है।" एक अन्य यूजर ने इसे "हिडन जेम" बताते हुए कहा कि हर किसी को यह शो जरूर देखना चाहिए। वहीं कई दर्शकों ने इसकी कहानी, अभिनय और भावनात्मक प्रस्तुति की खुलकर तारीफ की है।
रिश्तों और जिम्मेदारियों का भावनात्मक उत्सव
'आईआईटी किराना स्टोर' केवल एक वेब एपिसोड नहीं, बल्कि उन लाखों भारतीय युवाओं की कहानी है, जो बड़े सपने देखने के साथ-साथ अपने परिवार और जिम्मेदारियों को भी उतनी ही अहमियत देते हैं। दमदार अभिनय, भावनात्मक प्रस्तुति और प्रभावशाली कहानी के साथ यह एपिसोड दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर करता है कि असली सफलता आखिर किसे कहा जाना चाहिए। 'आईआईटी किराना स्टोर' फिलहाल सनशाइन पिक्चर्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर स्ट्रीम हो रहा है।