Edited By Manisha,Updated: 15 Sep, 2026 06:04 PM

‘रामायणम्’ के मेकर्स ने गणेश चतुर्थी के मौके पर ‘जय जय राम’ गाना रिलीज किया है। ए.आर. रहमान के कंपोज किए इस गाने की सिद्धार्थ आनंद ने भी तारीफ की और इसे बार-बार सुनने वाला शानदार गाना बताया।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ती जा रही है। गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर फिल्म के मेकर्स ने इसका खास गाना ‘जय जय राम’ रिलीज किया। इस गाने को ए.आर. रहमान ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। रिलीज के साथ ही यह भक्ति गीत दर्शकों के बीच चर्चा में आ गया है और इसे सोशल मीडिया पर भी काफी पसंद किया जा रहा है।
आरती के आध्यात्मिक अंदाज में पेश हुआ राम नाम
‘जय जय राम’ को श्री राम के नाम और भक्ति से जोड़ते हुए एक सिनेमाई म्यूजिक के साथ आरती के आध्यात्मिक अंदाज में पेश किया गया है। गाने के बोल सिर्फ भगवान राम के नाम का स्मरण नहीं कराते, बल्कि उनके दया, रक्षा और धर्म जैसे गुणों को भी खूबसूरती से सामने रखते हैं। गाने में बार-बार राम नाम का जाप एक अलग आध्यात्मिक एहसास पैदा करता है। इससे पहले फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज किया जा चुका है, जिसे दर्शकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। अब फिल्म के इस गाने को मिल रहे प्यार ने ‘रामायणम्’ को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
सिद्धार्थ आनंद ने की गाने की तारीफ
‘जय जय राम’ को मिल रही सराहना के बीच फिल्ममेकर सिद्धार्थ आनंद ने भी गाने की तारीफ की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गाने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया शेयर करते हुए लिखा, “जय जय राम। इसे बार-बार सुनने का मन कर रहा है! गाना बहुत ही शानदार है!” सिद्धार्थ आनंद की यह प्रतिक्रिया सामने आने के बाद फिल्म और गाने को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा और तेज हो गई है। खास बात यह है कि ‘रामायणम्’ रिलीज से पहले ही अपने ट्रेलर और म्यूजिक को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह पैदा कर चुकी है।
रणबीर कपूर से यश तक, ऐसी है फिल्म की स्टारकास्ट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने आठ बार अकादमी अवॉर्ड जीत चुकी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। भारत को छोड़कर दुनियाभर में फिल्म को सोनी पिक्चर्स रिलीज करेगी। ‘रामायणम्’ का पहला पार्ट दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है।