Edited By Reetu sharma,Updated: 19 Sep, 2026 01:38 PM

अभिनेता वीर पहाड़िया हाल ही में बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत अभियान का हिस्सा बने। उन्होंने मुंबई के समाजसेवी और परोपकारी हुसैन मंसूरी के साथ पटना में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर जरूरी सामान वितरित किया।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। अभिनेता वीर पहाड़िया हाल ही में बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत अभियान का हिस्सा बने। उन्होंने मुंबई के समाजसेवी और परोपकारी हुसैन मंसूरी के साथ पटना में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर जरूरी सामान वितरित किया। इस पहल में वीर ने आर्थिक सहयोग देने के साथ खुद भी राहत कार्य में हिस्सा लिया। राहत अभियान के दौरान वीर पहाड़िया ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी परेशानियों को करीब से समझने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने लोगों को भोजन, रोजमर्रा की जरूरत का सामान, बच्चों के लिए पढ़ाई की सामग्री और परिवारों के लिए बेड समेत कई जरूरी चीजें बांटीं।
अभियान से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में वीर पहाड़िया बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत करते और उनके बीच राहत सामग्री वितरित करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों के साथ समय बिताया और उनकी जरूरतों के बारे में भी जानकारी ली।
हुसैन मंसूरी लंबे समय से जरूरतमंद लोगों और प्रभावित समुदायों की मदद के लिए जमीनी स्तर पर काम करते रहे हैं। इससे पहले वह असम में भी बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत कार्यों में शामिल हो चुके हैं। बिहार में चलाए गए इस अभियान में वीर पहाड़िया भी उनके साथ जुड़े।
बिहार के कई हिस्सों में बाढ़ के चलते बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। ऐसे में राहत अभियान के जरिए प्रभावित परिवारों तक भोजन और रोजमर्रा की जरूरत का सामान पहुंचाने की कोशिश की गई। वीर पहाड़िया की भागीदारी आर्थिक सहयोग के साथ-साथ मौके पर पहुंचकर राहत सामग्री बांटने तक रही।