Edited By Manisha,Updated: 25 Sep, 2026 05:16 PM

यामी गौतम धर स्टारर ‘नई नवेली’ का पहला गाना ‘भाभी तबाही’ रिलीज हो गया है। गाने में यामी नई भाभी के किरदार में देसी अंदाज और शानदार डांस करती नजर आ रही हैं।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। यामी गौतम धर स्टारर अपकमिंग फिल्म ‘नई नवेली’ को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है। फिल्म के टीजर में नई बहू को लेकर खड़ा किया गया रहस्य अब इसके पहले गाने ‘भाभी तबाही’ के साथ एक मजेदार अंदाज में सामने आया है। गाने में यामी गौतम धर नई भाभी के किरदार में नजर आ रही हैं, जो शादी के जश्न के बीच अपनी ‘मुंह दिखाई’ की खास रस्म के जरिए परिवार में धमाकेदार एंट्री करती हैं। जी म्यूजिक द्वारा प्रेजेंट किए गए इस गाने को जी.वी. प्रकाश कुमार ने कंपोज और प्रोड्यूस किया है, जबकि इसके बोल वायु ने लिखे हैं और नीति मोहन ने अपनी आवाज दी है।
भांगड़ा से रैप तक, चार म्यूजिक स्टाइल का तड़का
‘भाभी तबाही’ में शादी के जश्न की देसी एनर्जी के साथ भांगड़ा, रैप, क्लासिकल और हिप-हॉप का मेल सुनने को मिलता है। गाने में यामी का किरदार पूरे कॉन्फिडेंस और स्वैग के साथ सेंटर स्टेज पर नजर आता है। फिल्म की कहानी में ‘भाभी डायन है’ वाले रहस्य के बीच यह गाना माहौल को पूरी तरह बदल देता है और किरदार का एक अलग पक्ष दिखाता है। खास तौर पर गाने की कोरियोग्राफी और यामी के डांस मूव्स इसे एक फुल-ऑन फैमिली सेलिब्रेशन नंबर का अंदाज देते हैं।
जी.वी. प्रकाश कुमार ने बताया गाने का आइडिया
गाने को लेकर जी.वी. प्रकाश कुमार ने कहा कि उनकी कोशिश सिर्फ एक मजेदार साउंड तैयार करने की नहीं, बल्कि ऐसा गाना बनाने की थी, जिसमें देसी स्वाद के साथ कुछ नया भी सुनने को मिले। उन्होंने बताया कि गाने के रिदम और अरेंजमेंट के साथ काफी प्रयोग किया गया है। उनके मुताबिक, वायु के बोल गाने में मस्तीभरी एनर्जी लाते हैं, जबकि नीति मोहन की आवाज इसे अलग तरह का कैरेक्टर देती है। उन्होंने यामी की परफॉर्मेंस की भी तारीफ करते हुए कहा कि एक्ट्रेस ने अपने किरदार को अच्छी तरह समझकर गाने में उसी तरह की एनर्जी दिखाई है।
देवर-भाभी की नोकझोंक भी दिखेगी
कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने भी ‘भाभी तबाही’ को अपने अब तक के मस्तीभरे गानों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि मोहिनी के किरदार की पर्सनैलिटी को ध्यान में रखते हुए कोरियोग्राफी में कॉन्फिडेंस और शरारत दोनों का संतुलन जरूरी था। गाने में देवर-भाभी के आमने-सामने वाले हिस्से को भी खास अंदाज में पेश किया गया है। विजय के मुताबिक, यामी ने लंबे टेक्स के लिए काफी मेहनत की और अपनी परफॉर्मेंस में स्पॉन्टेनिटी भी लेकर आईं। ‘नई नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा इसके प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म में आदिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी, सोनल झा, सुनील सिन्हा और अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। ‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।