फेमस कॉमेडियन को गाने की लाइन बदलना पड़ा भारी; चीन सरकार ने शुरू कर दी जांच, शोज़ पर भी लगाया बैन

Edited By Updated: 19 Aug, 2026 05:58 PM

china s most famous comedian under investigation for joke about communist song b

चीन के मशहूर कॉमेडियन गुओ डेगांग के खिलाफ एक क्रांतिकारी कम्युनिस्ट गीत की पंक्ति बदलकर मजाक करने के मामले में जांच शुरू हुई है। वुहान के संस्कृति एवं पर्यटन ब्यूरो ने इसे नियमों के संभावित उल्लंघन से जोड़ा है। विवाद के बाद उनके कुछ आगामी शो भी रद्द...

Hong Kong: चीन के मशहूर कॉमेडियन गुओ डेगांग मुश्किलों में घिर गए हैं। एक लोकप्रिय कम्युनिस्ट क्रांतिकारी गीत की पंक्ति को अपने अंदाज में बदलकर मजाक करने के बाद उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। इतना ही नहीं, उनके कुछ आगामी कॉमेडी शो भी रद्द कर दिए गए हैं।  गुओ चीन के सबसे चर्चित कॉमेडियनों में गिने जाते हैं और पारंपरिक चीनी क्रॉसटॉक कॉमेडी को लोकप्रिय बनाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है। मामला जुलाई के अंत में वुहान में गुओ डेगांग के एक कार्यक्रम का है। उन्होंने प्रसिद्ध क्रांतिकारी गीत “Playing My Beloved Pipa” की एक पंक्ति को बदलकर अपने अंदाज में पेश किया।

 

इस गीत को चीन में कम्युनिस्ट गुरिल्ला बलों के जापानी सेना के खिलाफ संघर्ष से जोड़कर देखा जाता है। यह 1950 के दशक की प्रसिद्ध फिल्म “Railroad Guerrillas” में भी शामिल था। 2019 में इसे चीन की जनवादी गणराज्य की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ के मौके पर चुने गए 100 महत्वपूर्ण गीतों में भी शामिल किया गया था। गीत की मूल पंक्ति का अर्थ है कि “पश्चिम में सूरज डूबने वाला है और वीशान झील पर सब शांत है।”  गुओ ने इसे मजाकिया अंदाज में बदलकर “फॉरबिडन सिटी में सब शांत है” कर दिया।

 

फॉरबिडन सिटी का जिक्र बना संवेदनशील
बीजिंग की फॉरबिडन सिटी चीन का ऐतिहासिक शाही महल परिसर है, जहां सदियों तक सम्राटों का शासन केंद्र रहा। ऐसे में इस जगह का राजनीतिक और ऐतिहासिक संदर्भ बेहद संवेदनशील माना जाता है।  गुओ के बदले हुए बोल को लेकर एक शिकायत वुहान के संस्कृति एवं पर्यटन ब्यूरो में की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कॉमेडियन ने एक क्लासिक क्रांतिकारी रचना को “विकृत और अश्लील” तरीके से पेश किया और सार्वजनिक नैतिकता के मानकों का उल्लंघन किया।  वुहान संस्कृति एवं पर्यटन ब्यूरो के मुताबिक, गुओ ने कार्यक्रम में जो बदला हुआ हिस्सा पेश किया, वह कार्यक्रम की मंजूरी के लिए पहले जमा की गई सामग्री में शामिल नहीं था।

 

कई शो हुए रद्द
अधिकारियों ने इसे व्यावसायिक कार्यक्रमों के प्रबंधन से जुड़े नियमों के संभावित उल्लंघन का मामला माना है। ब्यूरो ने पुष्टि की है कि गुओ के खिलाफ जांच जारी है, हालांकि इसके नतीजे कब सामने आएंगे, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।  गुओ डेगांग अपने थिएटर ग्रुप की 10वीं वर्षगांठ के मौके पर देशभर में दौरे पर थे। लेकिन विवाद के बाद उनके कुछ आगामी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।  शिआन के चानबा पॉली ग्रैंड थिएटर में उनके इस सप्ताह होने वाले कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया। थिएटर की ओर से बताया गया कि फिलहाल गुओ की वापसी की कोई तारीख या योजना तय नहीं है और टिकट खरीदने वालों को पैसे वापस कर दिए जाएंगे।

 

यह मामला चीन में कलाकारों और कॉमेडियनों के सामने मौजूद संवेदनशील माहौल को फिर चर्चा में ले आया है। वहां राजनीतिक, सामाजिक और वैचारिक विषयों पर मजाक करते समय कलाकारों को बेहद सावधानी बरतनी पड़ती है। गुओ के मामले पर चीन के सोशल मीडिया पर भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने कहा कि क्रांतिकारी गीतों के साथ इस तरह की छेड़छाड़ के लिए कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने अधिकारियों पर जरूरत से ज्यादा संवेदनशील होने का आरोप लगाया।

 

पहले भी कॉमेडियन पर हुई कार्रवाई
चीन में यह पहली घटना नहीं है जब किसी कॉमेडियन के मजाक पर सरकारी कार्रवाई हुई हो। 2023 में कॉमेडियन ली हाओशी पर पीपुल्स लिबरेशन आर्मी से जुड़े एक वाक्य का इस्तेमाल करने के बाद भारी जुर्माना लगाया गया था। उन्होंने आवारा कुत्तों से जुड़ी कहानी सुनाते हुए उस वाक्य का इस्तेमाल किया था। विवाद के बाद उन्होंने माफी मांगी, लेकिन उन पर लंबे समय तक प्रदर्शन करने की रोक लगा दी गई। 2022 में कॉमेडियन ली बो पर शंघाई के कोविड लॉकडाउन और किशोरों को लेकर किए गए मजाक के मामले में भी जुर्माना लगाया गया था।

 

बता दें कि गुओ डेगांग चीन में Xiangsheng यानी क्रॉसटॉक कॉमेडी के सबसे लोकप्रिय नामों में से एक हैं। इस पारंपरिक चीनी हास्य कला को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है। उन्होंने कई प्रसिद्ध बीजिंग ओपेरा कलाकारों के साथ मिलकर Qilin Theatre Company की स्थापना भी की थी। इसका उद्देश्य पारंपरिक चीनी कला की कम चर्चित विधाओं को आम दर्शकों तक पहुंचाना है। अब उनके खिलाफ शुरू हुई जांच और शो रद्द होने की खबर चीन में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और मनोरंजन की दुनिया में बढ़ते वैचारिक नियंत्रण को लेकर नई बहस छेड़ रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!