Edited By Tanuja,Updated: 13 Sep, 2026 07:41 PM

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के रात्रिभोज में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने हिंदी फिल्मों के सदाबहार गीत गाकर महफिल जीत ली। उन्होंने किशोर कुमार का ‘ख्वाब हो तुम’ और मुकेश का ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ गाया। अनवर भारतीय संगीत के प्रशंसक हैं और पहले भी...
New Delhi: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित रात्रिभोज में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। गंभीर राजनीतिक बैठकों और कूटनीतिक मुलाकातों के बीच अनवर इब्राहिम ने हिंदी सिनेमा के सदाबहार गीत गाकर महफिल में ऐसा रंग जमा दिया कि वहां मौजूद भारतीय मेहमान भी उनके मुरीद हो गए। उन्होंने किशोर कुमार का मशहूर गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ और मुकेश का ‘दोस्त दोस्त ना रहा, प्यार प्यार ना रहा’ गुनगुनाया। अनवर इब्राहिम मलेशिया के 10वें प्रधानमंत्री हैं। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जब वह दिल्ली पहुंचे तो उनका अंदाज पूरी तरह गंभीर और कूटनीतिक नजर आया। लेकिन रात्रिभोज के दौरान उनका एक बिल्कुल अलग रूप सामने आया। उन्होंने माइक संभाला और हिंदी फिल्मों के पुराने गीतों के सुर छेड़ दिए।
किशोर कुमार के बड़े प्रशंसक हैं अनवर
अनवर इब्राहिम भारतीय संगीत, खासकर पुराने हिंदी फिल्मी गीतों के प्रति अपनी रुचि के लिए जाने जाते हैं। वह महान गायक किशोर कुमार के बड़े प्रशंसक हैं। रात्रिभोज के दौरान उन्होंने किशोर कुमार का लोकप्रिय गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गाया। इसके बाद उन्होंने मुकेश का सदाबहार गीत ‘दोस्त दोस्त ना रहा, प्यार प्यार ना रहा’ भी सुनाया। अनवर इब्राहिम ने इस खास पल का करीब डेढ़ मिनट का वीडियो अपने एक्स खाते पर साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “गुरु, थोड़ा सा गाने की इजाजत है?” वीडियो में वह गीत गाते हुए और संगीत में झूमते हुए नजर आए। उनका अंदाज देखकर ऐसा लगा कि वह गीतों में पूरी तरह डूब गए हों। किशोर कुमार का ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ वर्ष 1965 में आई फिल्म ‘तीन देवियां’ का लोकप्रिय गीत है। इस गीत को किशोर कुमार ने आवाज दी थी। इसका संगीत एस.डी. बर्मन ने तैयार किया था, जबकि गीत मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखा था। फिल्म में देव आनंद मुख्य भूमिका में थे और उनके साथ नंदा, कल्पना तथा सिमी गरेवाल नजर आई थीं।
मुकेश का ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ भी गाया
अनवर इब्राहिम ने मुकेश की आवाज में लोकप्रिय हुए गीत ‘दोस्त दोस्त ना रहा, प्यार प्यार ना रहा’ को भी गाया। यह गीत 1964 में रिलीज हुई फिल्म ‘संगम’ का है। इसका संगीत शंकर-जयकिशन ने दिया था और गीत शैलेंद्र ने लिखा था। फिल्म में राज कपूर, राजेंद्र कुमार और वैजयंतीमाला मुख्य भूमिकाओं में थे। अनवर इब्राहिम का हिंदी फिल्मों और भारतीय संगीत से लगाव नया नहीं है। वर्ष 2024 में भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान भी उन्होंने एक कार्यक्रम में किशोर कुमार का यही प्रसिद्ध गीत गुनगुनाया था। इससे साफ है कि पुराने हिंदी फिल्मी गीतों के प्रति उनकी पसंद लंबे समय से बनी हुई है।
पीएम मोदी के स्वागत में भी बजाया था बॉलीवुड गीत
भारत और मलेशिया के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव की झलक फरवरी 2026 में भी देखने को मिली थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान अनवर इब्राहिम ने उनके स्वागत के लिए एक विशेष आधिकारिक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में पृष्ठभूमि में 2001 की चर्चित हिंदी फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ का लोकप्रिय गीत ‘बोले चूड़ियां’ इस्तेमाल किया गया था। मलेशिया में भारतीय मूल के लोगों की बड़ी आबादी है। करीब 28 लाख भारतीय मूल के लोग वहां रहते हैं, जो देश की आबादी का लगभग 9 प्रतिशत हैं। इनमें बड़ी संख्या तमिल भाषी लोगों की है। ऐसे में अनवर इब्राहिम का भारतीय संगीत के प्रति यह लगाव दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक रिश्तों को भी खास रंग देता है।