Earthquake : फिलीपींस में विनाशकारी भूकंप; 7.8 की तीव्रता ने मचाई भारी तबाही, 35 की मौत और सैकड़ों घायल

Edited By Updated: 08 Jun, 2026 10:01 PM

devastating earthquake wreaks havoc in philippines 35 dead

दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप पर सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भीषण तबाही मचाई है।

मनीला/जनरल सैंटोस: दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप पर सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भीषण तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 134 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मलबे में दबे एक दर्जन से अधिक लोग अभी भी लापता हैं, जिससे मृतक संख्या बढ़ने की आशंका है।

मलबे में तब्दील हुईं इमारतें, स्कूल और मॉल गिरे
भूकंप का केंद्र जनरल सैंटोस शहर के पास समुद्र में था, जिसके झटकों से शहर की प्रमुख बुनियादी संरचनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक शॉपिंग सेंटर और उसमें स्थित जोलीबी (Jollibee) रेस्टोरेंट को ताश के पत्तों की तरह ढहते हुए देखा गया। इसके अलावा, एक स्थानीय स्कूल की इमारत भी पूरी तरह ज़मींदोज़ हो गई। चश्मदीदों के अनुसार, जब स्कूल की इमारत गिरी, तो वहां मौजूद बच्चे डर के मारे चिल्ला रहे थे।

सुनामी की चेतावनी और अंतरराष्ट्रीय असर
भूकंप के बाद तटीय इलाकों में सुनामी का कहर भी देखने को मिला है। कम से कम एक तटीय गांव में सुनामी से नुकसान की खबर है। इंडोनेशिया और पलाऊ में भी लहरें दर्ज की गईं, जबकि दक्षिणी जापान तक इसका असर महसूस किया गया। इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी क्षेत्र में 0.75 मीटर ऊंची लहरें उठने के बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों और पहाड़ियों की ओर जाने को कहा गया है। ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया में भी शुरुआती तौर पर सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी।

राहत और बचाव कार्य तेज़
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने मिंडानाओ में तत्काल आपदा प्रतिक्रिया के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सरकार पूरी तरह सक्रिय है और मिंडानाओ के लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सेना की आपदा राहत इकाइयों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया है। जनरल सैंटोस हवाई अड्डे को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।

स्कूल खुलते ही आई आपदा
यह भूकंप उस समय आया जब लंबे अवकाश के बाद स्कूल दोबारा खुल रहे थे। सरांगनी के अलाबेल कस्बे में पुलिस प्रमुख बेंजी एंकेटा ने बताया कि भूकंप उस समय आया जब पुलिस की 'फ्लैग होस्टिंग' (ध्वजारोहण) चल रही थी, जिससे घबराहट में कुछ लोग बेहोश भी हो गए। उन्होंने इसे अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप बताया है।

रिंग ऑफ फायर पर स्थित है फिलीपींस
बता दें कि फिलीपींस प्रशांत महासागर के "रिंग ऑफ फायर" पर स्थित है, जो अत्यधिक भूकंपीय गतिविधि वाला क्षेत्र है। इससे पहले आठ महीने पहले सेबू द्वीप पर आए 6.9 तीव्रता के भूकंप में 79 लोगों की जान गई थी। पड़ोसी देश मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी इस संकट की घड़ी में फिलीपींस को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!