Earthquake : जापान में लगे भूकंप के जोरदार झटके, 30 से ज्यादा लोग घायल

Edited By Updated: 23 Aug, 2026 09:33 PM

earthquake strong tremors hit japan over 30 people injured

जापान के पूर्वी सहित तोक्यो क्षेत्र में रविवार तड़के मध्यम तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें कम से कम 37 लोग घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर लोगों को मामूली चोटें आईं। भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है।

इंटरनेशनल डेस्क : जापान के पूर्वी सहित तोक्यो क्षेत्र में रविवार तड़के मध्यम तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें कम से कम 37 लोग घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर लोगों को मामूली चोटें आईं। भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 5.9 थी और इसका केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में 70 किलोमीटर की गहराई में था। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने इसकी तीव्रता 5.8 बताई है।

प्रांतीय अधिकारियों और अग्नि एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, क्षेत्र के पांच प्रांतों में कम से कम 37 लोग घायल हुए। इनमें तोक्यो में 15, सैतामा में नौ, कानागावा में आठ, चिबा में चार और इबाराकी में एक व्यक्ति घायल हुआ। अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर लोग भूकंप के दौरान नींद में थे और घबराकर बिस्तर से उठने के दौरान गिर गए या फर्नीचर और दरवाजों से टकरा गए। योमिउरी अखबार के मुताबिक, कानागावा प्रांत के योकोहामा में करीब 80 वर्ष की एक महिला बिस्तर से गिर गई और उसके कूल्हे में गंभीर चोट आई। तोक्यो के पूर्वी हिस्से ताइतो में खरीदारी कर रहे 23-वर्षीय एक व्यक्ति ने असाही अखबार को बताया कि भूकंप के दौरान उसे जोरदार झटका महसूस हुआ। उसने बताया कि इमारत के हिलने के दौरान उसे डर था कि अलमारियों से गिरने वाला सामान उसे चोट पहुंचा सकता है।

भूकंप के कारण तोक्यो और नारिता हवाई अड्डे को जोड़ने वाली तेज रेल सेवाओं तथा पूर्वोत्तर क्षेत्रों की कुछ स्थानीय रेल सेवाओं में विलंब हुआ। हालांकि, शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। यह जानकारी इसके ऑपरेटर पूर्वी जापान रेलवे कंपनी ने दी। प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बताया कि सरकार ने संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए एक कार्यबल गठित किया है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने क्षेत्र के लोगों को करीब एक सप्ताह तक एक और मध्यम तीव्रता के भूकंप की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

भूकंप के झटकों के बाद मोबाइल फोन पर आपातकालीन भूकंप चेतावनियां जारी की गईं और तोक्यो में भी काफी तेज झटके महसूस किए गए। सरकारी प्रसारक एनएचके के अनुसार, मिटो और सैतामा समेत आसपास के शहरों की सड़कों पर यातायात सामान्य दिखाई दिया।

एनएचके की तस्वीरों के अनुसार, तोक्यो के पूर्वी कोतो इलाके में भूमिगत पानी की पाइपलाइन टूट गई, जिससे सड़क पर पानी बहने लगा। बाद में पाइप की मरम्मत कर दी गई और पानी का रिसाव बंद हो गया। परमाणु नियामक प्राधिकरण ने बताया कि करीब एक दर्जन परमाणु ऊर्जा संयंत्रों और परमाणु सामग्री से संबंधित अन्य प्रतिष्ठानों में किसी तरह के असामान्य नतीजों की सूचना नहीं मिली है। पिछले महीने जापान के दक्षिणी द्वीप क्यूशू के कुमामोटो क्षेत्र में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 38 लोगों की मौत हो गई थी और 364 लोग घायल हुए थे। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!