Edited By Punjab Kesari,Updated: 04 Sep, 2017 03:55 PM
नेपाल में मूसलाधार बारिश के चलते बाढ़ का कहर जारी है...
काठमांडूः नेपाल में मूसलाधार बारिश के चलते बाढ़ का कहर जारी है। भीषण बाढ़ से यहां रविवार को 19 छात्रों की मौत हो गई । इस तरह नेपाल में मृतकों का आंकड़ा 300 पार कर गया है।
नेपाल में बाढ़ के हालात किस कदर खराब हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में कोशी रिवर के पास स्थित गांव में एक परिवार को अपने बच्चे को दफनाने के लिए जगह नहीं मिली तो उसे नदी में बहा दिया गया।
बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 500 सकूली इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। बाढ़ के चलते अधिकतर लोग स्कूलों में शरण लिए हुए हैं, जहां इनके लिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।
उत्तर भारत, दक्षिणी नेपाल और उत्तरी बांग्लादेश के इलाके में लाखों लोग हाल के सालों में आई सबसे भयंकर बाढ़ की चपेट में हैं। अब तक हजार से भी अधिक लोगों की जान बाढ़ की आपदा के कारण चली गई है।
संयुक्त राष्ट्र की एक एजेंसी ने कहा है कि भारत, बंगलादेश और नेपाल में लगभग एक करोड़ 60 लाख बच्चों को वहां आई ‘‘विनाशकारी’’ बाढ़ के कारण जीवन-रक्षक मदद की तत्काल जरूरत है।