Edited By Tanuja,Updated: 21 Jul, 2026 02:52 PM

सैन फ्रांसिस्को के एक टेक कर्मचारी ने AI में आगे बढ़ने के लिए पत्नी से बच्चों की पूरी जिम्मेदारी संभालने को कहा। कई महीनों तक AI पर काम करने के बाद वह कंपनी का शीर्ष AI उपयोगकर्ता बन गया। घटना वायरल होने पर करियर और पारिवारिक जिम्मेदारियों के संतुलन...
International Desk: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती प्रतिस्पर्धा अब सिर्फ दफ्तरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि परिवारों को भी प्रभावित करने लगी है। अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में रहने वाले एक टेक कर्मचारी ने अपनी पत्नी से कहा कि वह कुछ समय के लिए बच्चों की पूरी जिम्मेदारी संभाल लें, ताकि वह खुद को पूरी तरह 'AI Native' कर्मचारी बना सके। यह मामला तब सामने आया जब वॉशिंगटन पोस्ट ने सिलिकॉन वैली में AI के बढ़ते दबाव पर एक रिपोर्ट प्रकाशित की।
31 वर्षीय महिला, जो खुद भी टेक इंडस्ट्री में काम करती हैं, ने बताया कि उनके पति एक इंजीनियरिंग मैनेजर हैं। कुछ महीने पहले उन्होंने पत्नी से कहा कि वह बच्चों की पूरी देखभाल अकेले करें, ताकि वह अपना पूरा समय AI सीखने और उससे जुड़े प्रोजेक्ट्स पर लगा सकें। महिला ने बताया कि इस दौरान उनके पति घंटों अपने कमरे में बंद रहकर AI टूल्स और नई तकनीकों पर काम करते रहे।
This is pretty bleak. pic.twitter.com/dr0BYzr3NO
— Alec MacGillis (@AlecMacGillis) July 20, 2026
इस अनुभव को "बेहद अजीब (Surreal)" बताया। कई महीनों की मेहनत के बाद पति ने पत्नी का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह अपनी कंपनी में AI का सबसे ज्यादा इस्तेमाल करने वाले कर्मचारी बन गए हैं। हालांकि, यह घटना सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई कि क्या करियर के लिए परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों से दूरी बनाना सही है। रिपोर्ट के अनुसार, 2008 की आर्थिक मंदी के बाद Meta, Google और Microsoft जैसी कंपनियों में नौकरी सबसे सुरक्षित और आकर्षक मानी जाती थी। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में AI के कारण होने वाली छंटनी और बदलती तकनीकी जरूरतों ने कर्मचारियों में असुरक्षा बढ़ा दी है।कई टेक कर्मचारी अब महसूस कर रहे हैं कि अगर वे AI तकनीक में खुद को अपडेट नहीं करेंगे, तो उनकी नौकरी खतरे में पड़ सकती है।
यह मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तेजी से वायरल हो गया। लाखों लोगों ने इस पर अपनी राय दी। एक यूजर ने व्यंग्य करते हुए लिखा, "मैं अपने पिता से बचपन में कम मिला, लेकिन उनका त्याग सफल रहा... आखिर वे AI Native बन गए।" दूसरे ने लिखा, "सब कुछ छोड़कर कंपनी का नंबर-1 AI यूजर बनने की दौड़!"एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की,"लोग इंसान होने का मतलब ही भूलते जा रहे हैं।" वहीं एक उद्यमी ने लिखा,"कृपया बाहर निकलें, अपने बच्चों के साथ समय बिताइए।" विशेषज्ञों का कहना है कि AI के दौर में नई तकनीक सीखना जरूरी है, लेकिन काम और परिवार के बीच संतुलन बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। लगातार बढ़ता पेशेवर दबाव कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन दोनों को प्रभावित कर सकता है।