Edited By Tanuja,Updated: 05 Nov, 2025 01:39 PM

सऊदी अरब की मक्का ग्रैंड मस्जिद में उमराह के दौरान एक महिला को सुरक्षाकर्मी द्वारा धक्का देने और हाजी से हाथापाई का वीडियो वायरल हुआ है। घटना पर दुनियाभर में नाराज़गी दिखी। कुछ ने इसे अरबों की मानसिकता बताया, तो कुछ ने सुरक्षा व्यवस्था का बचाव किया।
International Desk: दुनिया के सबसे पवित्र स्थलों में से एक, मक्का की ग्रैंड मस्जिद (मस्जिद अल-हरम) से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर भारी विवाद का कारण बन गया है। वीडियो में एक सऊदी सुरक्षाकर्मी उमराह करने आई एक महिला को ज़मीन से धक्का देकर उठाता दिख रहा है, जिसके बाद वह एक पुरुष हाजी से बहस और हाथापाई करता है। यह घटना सोमवार शाम को सामने आई, जिसके बाद लाखों लोगों ने वीडियो को देखा और कड़ी प्रतिक्रिया दी।
वीडियो की शुरुआत में सुरक्षाकर्मी को महिला को ज़बरदस्ती उठाते हुए देखा गया, जबकि पास खड़ा एक हाजी उसके व्यवहार पर आपत्ति जताने की कोशिश करता है। इसके बाद दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो जाती है। वीडियो में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि झगड़ा क्यों हुआ, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर भारी नाराज़गी देखी जा रही है। कई यूजर्स ने सऊदी सुरक्षा कर्मी के रवैये की निंदा करते हुए कहा कि “इस्लाम के सबसे पवित्र स्थल पर इस तरह की बदसलूकी अस्वीकार्य है।” कुछ ने आरोप लगाया कि “अरब मुसलमान धर्मांतरित या गैर-अरब मुसलमानों को अपने से कमतर समझते हैं, इसी मानसिकता के चलते ऐसी घटनाएं होती हैं।”
वहीं कुछ यूजर्स ने सुरक्षाकर्मी का बचाव करते हुए कहा कि “वह मस्जिद के नियमों का पालन कर रहा था, जहां कुछ जगहें बैठने के लिए निषिद्ध हैं।” हालांकि अधिकांश लोगों का मानना था कि “अगर उसे महिला को हटाना भी था, तो यह प्यार और सम्मान के साथ किया जा सकता था।” इस घटना ने मक्का की सुरक्षा व्यवस्था और तीर्थयात्रियों के साथ व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल सऊदी अधिकारियों की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।