मूसलाधार बारिश में भीगते खाना खा रहा था फायरफाइटर, जज्बे को दुनिया कर रही सलाम, Video ने जीता लोगों का दिल

Edited By Updated: 18 Jul, 2026 04:01 PM

of chinese firefighter eating in rain during flood relief goes viral

चीन में आई भीषण बाढ़ के दौरान एक फायरफाइटर का बारिश में भीगते हुए सड़क किनारे खाना खाते वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर दिया। राहत कार्य में जुटे जवान ने आराम से ज्यादा लोगों की जान बचाने को प्राथमिकता दी। उसके जज्बे, सेवा भावना और समर्पण...

International Desk: चीन के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में आई भीषण बाढ़ के बीच एक फायरफाइटर का भावुक कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राहत और बचाव अभियान में जुटा एक जवान मूसलाधार बारिश के बीच सड़क किनारे बैठकर भीगते हुए जल्दी-जल्दी खाना खाता नजर आ रहा है, ताकि कुछ ही मिनटों बाद फिर से लोगों की जान बचाने के मिशन पर लौट सके। उसके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वायरल वीडियो में दिख रहे फायरफाइटर का नाम लियांग हुआन है। वह दक्षिण चीन के गुआंगडोंग प्रांत से अपनी टीम के साथ बाढ़ प्रभावित इलाके में राहत कार्य के लिए पहुंचे थे। यह वीडियो 9 जुलाई का बताया जा रहा है, जब टीम लगातार कई दिनों से बिना रुके बचाव अभियान चला रही थी।

 

वीडियो में लियांग सड़क पर रखी फ्लोटेशन जैकेट्स के ऊपर बैठकर अपना लंच करते दिखाई देते हैं। तभी तेज बारिश शुरू हो जाती है, लेकिन वह खाना छोड़ने के बजाय भीगते हुए जल्दी-जल्दी भोजन करते रहते हैं। बीच-बीच में चेहरे पर पड़ रही बारिश की बूंदों को हटाते हैं, लेकिन उनका ध्यान केवल जल्दी खाना खत्म कर फिर से ड्यूटी पर लौटने पर रहता है।  वीडियो में उनकी टीम के अन्य सदस्य भी कुछ देर आराम करते और खाना खाते दिखाई देते हैं। हालांकि यह आराम सिर्फ कुछ मिनटों का होता है, क्योंकि सभी को तुरंत फिर से राहत कार्य में जुट जाना होता है।

 

जानकारी के अनुसार, लियांग और उनकी टीम को बाढ़ में फंसे एक स्कूल के छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। चीन के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में जुलाई की शुरुआत में आए शक्तिशाली तूफान के बाद कई शहरों में गंभीर बाढ़ आ गई थी।  रिपोर्टों के अनुसार, इस साल चीन के कई क्षेत्रों में रिकॉर्डतोड़ बारिश हुई है। 9 जुलाई तक बाढ़ में 39 लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि कई लोग लापता बताए गए। गुइगांग शहर सहित लाखों लोग इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए। वीडियो वायरल होने के बाद लियांग हुआन ने कहा कि उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि उनका साधारण सा लंच वीडियो पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन जाएगा।

 

उन्होंने कहा,"अगर हम किसी व्यक्ति को एक मिनट पहले सुरक्षित निकाल सकते हैं, तो वह एक मिनट पहले सुरक्षित होगा। चाहे हम कितने भी थक जाएं, लोगों की जान बचाना ही हमारे लिए सबसे बड़ा उद्देश्य है।" उन्होंने लोगों से मिले प्यार और सम्मान के लिए भी आभार जताया। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग लियांग के जज्बे की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने उन्हें असली हीरो बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने उनकी सेहत की चिंता जताते हुए लिखा कि लगातार बारिश में भीगकर खाना खाना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।हालांकि अधिकांश लोगों का कहना है कि ऐसे ही समर्पित जवान कठिन परिस्थितियों में हजारों लोगों की जान बचाते हैं और यही असली इंसानियत की मिसाल है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!