Edited By Tanuja,Updated: 10 Jul, 2026 06:09 PM

पाकिस्तान में शारजाह से कराची जा रहा के2 एयरवेज का मालवाहक बोइंग 737 विमान अरब सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बलूचिस्तान तट के पास विमान का और मलबा मिला है, लेकिन चालक दल के पांच सदस्य अब भी लापता हैं। नौसेना और समुद्री सुरक्षा एजेंसियां तलाश...
International Desk: पाकिस्तान में इस सप्ताह अरब सागर के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हुए मालवाहक विमान की तलाश में जुटी बचाव टीमों को शुक्रवार को विमान का और मलबा मिला है। हालांकि विमान में सवार चालक दल के पांच सदस्यों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पाकिस्तानी नौसेना और समुद्री सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से गहरे समुद्र में खोज अभियान चला रही हैं।कराची की निजी एयरलाइन के2 एयरवेज का मालवाहक बोइंग 737 मंगलवार रात संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची आ रहा था। उड़ान के दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा और दिशा बदलने के कुछ ही देर बाद रडार से गायब हो गया।
बुधवार को बलूचिस्तान के ओरमारा तट से करीब 53 समुद्री मील दक्षिण में विमान का मलबा बरामद किया गया था। शुक्रवार को खोज अभियान के दौरान मलबे के और हिस्से भी मिले हैं, जिससे दुर्घटना की जांच में मदद मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार, विमान में चालक दल के पांच सदस्य सवार थे, जिनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। बचाव दल समुद्र की गहराइयों में लगातार उनकी तलाश कर रहा है।
पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) ने बताया कि पाकिस्तानी नौसेना और पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी हवाई और समुद्री संसाधनों की मदद से व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि चालक दल के सदस्यों का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। बरामद मलबे और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच एजेंसियां हादसे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।