रूस-यूक्रेन जंग में बड़ा ट्विस्टः ट्रंप के विशेष दूत स्टीव और कुशनर पहुंचे मॉस्को, पुतिन ने कीव पर 72 घंटे के लिए हमले रोके

Edited By Updated: 05 Sep, 2026 07:33 PM

trump s envoys witkoff and kushner in moscow putin announces 72 hour pause

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पुतिन ने कीव पर 72 घंटे तक हमले रोकने का आदेश दिया है। यह फैसला अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर की शांति वार्ता से जुड़ा है। दोनों मॉस्को पहुंच चुके हैं और रविवार को कीव जाएंगे। जेलेंस्की ने भी यात्रा के दौरान हमले...

Moscow: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच शांति की नई कोशिश शुरू हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शनिवार को मॉस्को पहुंच गए। इसी बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कीव पर 72 घंटे तक हमले रोकने का आदेश दिया है। क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि यह रोक शनिवार आधी रात से तीन दिनों के लिए लागू होगी। क्रेमलिन के मुताबिक, पुतिन का यह फैसला विटकॉफ और कुशनर की यूक्रेन यात्रा की तैयारियों से जुड़ा है। दोनों अमेरिकी दूत रूस और यूक्रेन के बीच रुकी हुई शांति वार्ता को दोबारा शुरू कराने की कोशिश कर रहे हैं। विटकॉफ और कुशनर पहले मॉस्को पहुंचे हैं और इसके बाद रविवार, 6 सितंबर को कीव जाने वाले हैं। यह उनकी यूक्रेन की राजधानी की पहली यात्रा होगी।

 

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिकी दूतों की यात्रा के दौरान यूक्रेन भी हवाई हमले रोकने के लिए तैयार है। उन्होंने रूस से भी ऐसा ही करने की अपील की थी।  अब मॉस्को ने कीव पर 72 घंटे हमले रोकने का आदेश देकर इस दिशा में एक सीमित कदम उठाया है। हालांकि, यह तीन दिन का विराम पूर्ण युद्धविराम या स्थायी शांति समझौता नहीं है। पुतिन का यह आदेश ऐसे समय आया है जब रूस और यूक्रेन के बीच हवाई हमले काफी तेज हो गए थे। रूस ने कीव समेत कई इलाकों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया है। शुक्रवार को रूसी ड्रोन ने कीव में यूक्रेन की सुरक्षा सेवा SBU के मुख्यालय पर भी हमला किया था। इस हमले में कम से कम 12 लोग घायल हुए थे।

 

अमेरिकी दूत क्या प्रस्ताव लेकर पहुंचे ?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, विटकॉफ और कुशनर रूस और यूक्रेन के लिए युद्ध खत्म करने का प्रस्ताव लेकर पहुंचे हैं। हालांकि, प्रस्ताव की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। रूस और यूक्रेन के बीच क्षेत्रीय नियंत्रण समेत कई बड़े मुद्दों पर अब भी गहरे मतभेद हैं। इसलिए इन तीन दिनों में होने वाली बातचीत को काफी अहम माना जा रहा है। जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस ने रात में कीव और बोरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हमले किए। उन्होंने इन हमलों को अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की संभावित यात्रा की तैयारियों से जोड़ा। अब पुतिन के 72 घंटे के आदेश के बाद सबकी नजर इस बात पर है कि क्या यह अस्थायी विराम आगे चलकर व्यापक युद्धविराम की राह खोल सकता है।

 

निप्रॉपेट्रोव्स्क में पांच लोगों की मौत
इस बीच यूक्रेन के निप्रॉपेट्रोव्स्क क्षेत्र में रूसी हमले में पांच लोगों की मौत और पांच अन्य के घायल होने की खबर है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, मृतक एक औद्योगिक केंद्र में काम करने वाले कर्मचारी थे। रूस-यूक्रेन युद्ध पांचवें साल में पहुंच चुका है और शांति की पिछली कोशिशें ठहर गई थीं। ऐसे में 72 घंटे के लिए कीव पर हमले रोकने का रूसी फैसला और अमेरिकी दूतों की मॉस्को-कीव यात्रा एक साथ होना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!