Edited By Tanuja,Updated: 08 Apr, 2026 07:15 PM

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर के कुछ घंटों बाद ईरान को हथियार देने वाले देशों पर 50% टैरिफ लगाने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ समझौता करीब है और कई मुद्दों पर सहमति बन चुकी है, लेकिन दबाव की नीति जारी रहेगी।
International Desk: अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के युद्धविराम (Ceasefire) की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने बड़ा और सख्त बयान दिया है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर कोई भी देश ईरान को सैन्य हथियार सप्लाई करता है, तो उस देश के अमेरिका को निर्यात किए जाने वाले सभी सामानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि यह फैसला तुरंत प्रभाव से लागू होगा और इसमें किसी भी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए दो हफ्तों का युद्धविराम लागू किया गया है।हालांकि, एक तरफ जहां शांति की कोशिशें जारी हैं, वहीं दूसरी तरफ अमेरिका ने दबाव की नीति भी जारी रखी है। ट्रंप का यह कदम ईरान को सैन्य रूप से कमजोर रखने और अन्य देशों को उससे दूरी बनाने के लिए चेतावनी माना जा रहा है। ट्रंप ने अपने बयान में यह भी दावा किया कि ईरान ने यूरेनियम संवर्धन (Uranium Enrichment) रोकने पर सहमति जताई है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान मिलकर परमाणु ठिकानों से जुड़े खतरनाक अवशेषों को हटाने पर भी काम करेंगे, जिसकी निगरानी United States Space Force द्वारा सैटेलाइट के जरिए की जा रही है। ट्रंप के अनुसार, दोनों देशों के बीच 15-सूत्रीय प्रस्ताव के कई बिंदुओं पर पहले ही सहमति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि ईरान के 10-सूत्रीय प्रस्ताव को भी बातचीत के आधार के रूप में स्वीकार किया गया है और यह युद्धविराम एक स्थायी समझौते को अंतिम रूप देने के लिए समय देगा।