Edited By Mansa Devi,Updated: 30 Nov, 2025 04:07 PM

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर कड़े इमिग्रेशन कानूनों की तैयारी में दिख रहे हैं। उनके ताज़ा बयान से संकेत मिलता है कि वे अमेरिका में विदेशियों की एंट्री को लगभग पूरी तरह रोकने की दिशा में बड़ा फैसला कर सकते हैं।
नेशनल डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर कड़े इमिग्रेशन कानूनों की तैयारी में दिख रहे हैं। उनके ताज़ा बयान से संकेत मिलता है कि वे अमेरिका में विदेशियों की एंट्री को लगभग पूरी तरह रोकने की दिशा में बड़ा फैसला कर सकते हैं। ट्रंप का कहना है कि ऐसे प्रवासियों को अमेरिका में रहने का हक नहीं होना चाहिए, जो अवैध तरीके से देश में घुसे हों, अपराध में शामिल हों या अमेरिकी समाज और सुरक्षा के लिए खतरा बन रहे हों।
सोशल मीडिया पोस्ट ने बढ़ाई हलचल
ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया साइट ‘ट्रुथ सोशल’ पर इमिग्रेशन एंड नेशनलिटी एक्ट के सेक्शन 212(एफ) का जिक्र किया। यह कानून राष्ट्रपति को यह अधिकार देता है कि वे यदि देश के हित में ज़रूरी समझें, तो किसी भी विदेशी नागरिक को अमेरिका में प्रवेश करने से रोक सकते हैं। यह रोक तब तक जारी रह सकती है, जब तक राष्ट्रपति को यह आवश्यक लगे। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका में इस समय विदेशी आबादी ऐतिहासिक रूप से सबसे अधिक है—लगभग हर 6 अमेरिकियों पर 1 प्रवासी। उन्होंने संकेत दिया कि इस स्थिति को रोकने के लिए बेहद सख्त कदम उठाए जाएंगे।
19 देशों पर कड़ी नजर
ट्रंप के इस सख्त रुख की शुरुआत 28 नवंबर की घोषणा से मानी जा रही है। उस समय उन्होंने कहा था कि वे "थर्ड वर्ल्ड" और गरीब देशों से आने वाले प्रवास पर स्थायी रोक लगाने पर विचार कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने 19 देशों के ग्रीन कार्ड धारकों की व्यापक जांच के आदेश जारी किए। यह कदम उस घटना के बाद आया, जिसमें वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास एक अफगान नागरिक ने नेशनल गार्ड पर फायरिंग की थी। हमले में एक महिला सुरक्षा कर्मी की मौत हो गई थी।
हमले के बाद लिया गया बड़ा एक्शन
आतंकी हमले के तुरंत बाद ट्रंप प्रशासन ने कई कड़े निर्णय लिए, जिनमें शामिल हैं—
➤ अफगानिस्तान, वेनेजुएला, हैती, सोमालिया और कई अफ्रीकी-एशियाई देशों से आने वाले किसी भी प्रकार के प्रवास पर रोक।
➤ अमेरिका में शरण के लिए आए 22 आवेदनों की मंजूरी रोक दी गई।
➤ अफगान पासपोर्ट धारकों को नए वीज़ा जारी करने पर रोक।
➤ प्रतिबंधित 19 देशों के 33 लाख ग्रीन कार्ड धारकों की जांच, और संदिग्ध पाए जाने वालों को डिपोर्ट करने का आदेश।
➤ बाइडेन सरकार के दौरान अमेरिका आए 2.33 लाख अफगान शरणार्थियों की पुनः जांच की प्रक्रिया शुरू।
क्या आने वाले दिनों में बड़ा कदम संभव?
ट्रंप के संकेतों से माना जा रहा है कि वे सेक्शन 212(एफ) का उपयोग करते हुए विदेशियों की एंट्री पर व्यापक या पूर्ण प्रतिबंध लगा सकते हैं। यह निर्णय अमेरिका के इमिग्रेशन सिस्टम को पूरी तरह बदल सकता है और लाखों प्रवासियों को प्रभावित कर सकता है।